दतिया उपचुनाव: आज नामांकन के साथ सियासी शक्ति प्रदर्शन, BJP की स्टार प्रचारक लिस्ट में नरोत्तम का भी नाम
दतिया उपचुनाव के लिए आज भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी करेंगे नॉमिनेशन दाखिल, दोनों पार्टी के दिग्गज रहेंगे मौजूद। भाजपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, सीएम से लेकर नरोत्तम संभालेंगे मोर्चा
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। आज 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। इसके लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर ली है। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के नामांकन कार्यक्रम को दोनों पार्टियों ने शक्ति प्रदर्शन का बड़ा अवसर बनाने वाली हैं। इसी बीच भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरोत्तम मिश्रा सहित कई बड़े नेताओं को शामिल किया गया है।
भाजपा की स्टार प्रचारक सूची में बड़े चेहरे शामिल
दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा के प्रस्तावित स्टार प्रचारकों की सूची प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजी गई थी, जो अब सामने आ गई है। सूची में राज्य और केंद्र स्तर के कई प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल चुनाव प्रचार की अगुवाई करेंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक भी भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करेंगे।

प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के साथ वरिष्ठ मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह को भी स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है। वहीं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी सूची में शामिल है।
नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी से बदले सियासी समीकरण
दतिया विधानसभा क्षेत्र डॉ. नरोत्तम मिश्रा का पारंपरिक राजनीतिक क्षेत्र रहा है। ऐसे में टिकट बदलाव के बाद उनके नाम को स्टार प्रचारक सूची में शामिल करना और नामांकन कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी को पार्टी की एकजुटता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
ग्वालियर-चंबल के नेताओं पर भाजपा का भरोसा
दतिया ग्वालियर-चंबल संभाग का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। भाजपा ने क्षेत्रीय प्रभाव और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कई स्थानीय नेताओं को भी प्रचार की जिम्मेदारी दी है। स्टार प्रचारकों की सूची में ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा एदल सिंह कंसाना, प्रद्युम्न सिंह तोमर, नारायण सिंह कुशवाहा, सुमित्रा वाल्मीकि और शैतान सिंह पाल समेत करीब 40 नेताओं को शामिल किया गया है। पार्टी की कोशिश है कि क्षेत्रीय नेताओं की सक्रियता से अलग-अलग वर्गों और समुदायों तक पहुंच बनाई जा सके।

कांग्रेस भी उतारेगी दिग्गज नेता, मुकाबला होगा दिलचस्प
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस भी भाजपा को कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है। नामांकन कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
दोनों प्रमुख दलों के बड़े नेताओं के दतिया पहुंचने से उपचुनाव का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। भाजपा जहां सरकार के कामकाज और संगठन की ताकत के सहारे मैदान में उतर रही है, वहीं कांग्रेस स्थानीय मुद्दों और सरकार की नीतियों को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है।
नामांकन के साथ शुरू होगा चुनावी घमासान
सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के साथ ही दतिया उपचुनाव का राजनीतिक तापमान और बढ़ने की उम्मीद है। भाजपा और कांग्रेस दोनों दल अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में बड़ी सभाएं कर चुनावी माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। आने वाले दिनों में स्टार प्रचारकों की रैलियां और जनसभाएं चुनाव प्रचार का मुख्य केंद्र रहेंगी।
Varsha Shrivastava 
