जिला अस्पताल के शौचालय में मिला अज्ञात बुजुर्ग का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
मध्यप्रदेश के शाजापुर जिला अस्पताल परिसर के शौचालय में एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शाजापुर। शहर के जिला चिकित्सालय परिसर में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल परिसर में बने शौचालय से एक अज्ञात बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7 बजे अस्पताल कर्मचारियों को शौचालय की ओर से तेज बदबू आने का एहसास हुआ। संदेह होने पर कर्मचारियों ने शौचालय का दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर एक बुजुर्ग व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल अस्पताल चौकी पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बाबूलाल डाबी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अस्पताल कर्मचारियों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों और अस्पताल स्टाफ से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। वहीं शव मिलने की घटना से अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए सनसनी का माहौल बना रहा।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
shivendra 
