Flood Update : काशी में 84 घाट डूबे, 5 हजार दुकानें बंद; MP- CG समेत आज इन राज्यों में हैवी रेन अलर्ट

Flood Update : काशी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 84 घाट डूब गए हैं। घाट के किनारे स्थित करीब 5 हजार दुकानें बंद करनी पड़ीं।

Flood Update : काशी में 84 घाट डूबे, 5 हजार दुकानें बंद; MP- CG समेत आज इन राज्यों में हैवी रेन अलर्ट

Flood Update : नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में लगातार मानसूनी बारिश से हालात बिगड़ रहे हैं। काशी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 84 घाट डूब गए हैं। घाट किनारे करीब 5 हजार दुकानें बंद करनी पड़ी हैं। मौसम विभाग ने 26 अगस्त के लिए मध्य प्रदेश - छत्तीसगढ़ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि पश्चिमी यूपी में यलो अलर्ट है।

बिहार में गंगा का जलस्तर बढ़ा

बेगूसराय में गंगा उफान पर है और खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 50 हजार से अधिक लोग बाढ़ के पानी से घिरे हैं। पटना में सुबह बारिश और बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के सभी जिलों में मौसम सामान्य रह सकता है, लेकिन दिन में कुछ जगह बारिश होगी। गंगा नदी में जलस्तर बढ़ने से सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट क्षेत्र में पानी घुस गया।

MP के 21 जिलों में भारी बारिश का अनुमान

मध्य प्रदेश में पहले पूर्वी हिस्से में सक्रिय मानसून अब उत्तर, पश्चिम और मध्य क्षेत्रों में भी जोर पकड़ सकता है। अगले दो दिनों में भोपाल, उज्जैन, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग के 21 जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।

इस मानसूनी सीजन में प्रदेश में औसतन 25.5 इंच बारिश हो चुकी है, जो कुल सामान्य बारिश का 68 प्रतिशत है। अब तक बारिश 11 प्रतिशत कम रही है। प्रदेश के 40 जिलों में सामान्य से कम और केवल 15 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश हुई है।

छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में भी बारिश का असर

छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे बारिश जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।

उत्तराखंड के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका है।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में मंगलवार को कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर धारचूला-गुंजी के पास लैंडस्लाइड हो गई। सड़क बंद होने से दोनों तरफ लोग फंसे हुए हैं।

हिमाचल में मानसून पड़ा कमजोर

हिमाचल प्रदेश में मानसून फिलहाल कमजोर हो गया है। राज्य के ऊपर न तो मानसून ट्रफ सक्रिय है और न ही वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव दिखाई दे रहा है। इसके कारण अगले 72 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना कम है।

दूसरी ओर राजस्थान के पूर्वी हिस्से में मंगलवार को अच्छी बारिश हुई। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले दो वर्षों में अगस्त का राज्य का सबसे अधिक तापमान रहा।

हरियाणा में गुरुग्राम के इफको चौक पर धंसी सड़क में करीब 20 फुट चौड़ा गड्ढा बन गया है। वहीं सोहना रोड पर जलभराव के चलते एक युवक कैब की छत पर बैठकर लैपटॉप खोलकर काम करने लगा।

हरियाणा में गुरुग्राम के इफको चौक पर धंसी सड़क में करीब 20 फुट चौड़ा गड्ढा बन गया है।

हरियाणा में गुरुग्राम में सोहना रोड पर जलभराव के चलते एक युवक कैब की छत पर बैठकर लैपटॉप खोलकर काम करने लगा।

कई राज्यों में ऑरेंज और यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, दक्षिण कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु और पुड्डुचेरी में यलो अलर्ट है।