अशोकनगर: नाबालिगों के धर्मांतरण मामले में बड़ी कार्रवाई, जस्सी किन्नर गिरफ्तार

अशोकनगर जिले के थाना पिपरई अंतर्गत नाबालिग बालिकाओं के धर्मांतरण, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। SIT ने प्रकरण की मुख्य कड़ी मानी जा रही आरोपी 'जस्सी किन्नर' को भोपाल के सीहोर बायपास से गिरफ्तार किया।

अशोकनगर: नाबालिगों के धर्मांतरण मामले में बड़ी कार्रवाई, जस्सी किन्नर गिरफ्तार

अशोकनगर | जिले के थाना पिपरई अंतर्गत नाबालिग बालिकाओं के धर्मांतरण, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के कुशल निर्देशन में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने प्रकरण की मुख्य कड़ी मानी जा रही आरोपी 'जस्सी किन्नर' को भोपाल के सीहोर बायपास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को इस मामले में एक बड़े संगठित गिरोह (रैकेट) के शामिल होने की आशंका है, जिसकी सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

बीती 16 अप्रैल 2026 को थाना पिपरई में नाबालिग बालिकाओं के साथ धर्मांतरण और दुष्प्रेरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने न केवल बालिकाओं को बहला-फुसलाकर उनका धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया, बल्कि उनके साथ दुष्कर्म और जबरन निकाह जैसी जघन्य वारदातों को भी अंजाम दिया। पुलिस ने इस संबंध में अपराध क्रमांक 103/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS)की विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट, म.प्र. धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया था।

SIT का गठन और इनाम की घोषणा

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने तत्काल एसडीओपी अशोकनगर श्री विवेक शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया। साथ ही, फरार आरोपियों की सूचना देने और गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले एक विधि विवादित बालक को अभिरक्षा में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा।

जस्सी किन्नर की भूमिका और गिरफ्तारी

विवेचना के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच में पता चला कि भोपाल के राजीवनगर (थाना कमलानगर) की निवासी जस्सी किन्नर पिता मंजीत सिंह ने नाबालिग बालिकाओं को अपने जाल में फंसाया। जस्सी ने ही लड़कियों को आरोपियों से मिलवाया, उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए लालच दिया और जबरन बुर्का पहनाकर इस आपराधिक कृत्य में धकेला। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर जस्सी किन्नर को सीहोर बायपास से धर दबोचा। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे गहन पूछताछ जारी है।

संगठित गिरोह की संलिप्तता की आशंका

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जस्सी किन्नर और उसके साथियों के एक संगठित 'रैकेट' के रूप में काम करने के संकेत मिले हैं। यह गिरोह भोली-भाली नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाकर उनका धर्मांतरण कराता है। विशेष जांच दल अब इस गिरोह की जड़ों तक पहुँचने के लिए विस्तृत और सूक्ष्म जांच कर रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का खुलासा होगा।