अक्षय तृतीया पर इंदौर पहुंचे CM मोहन, सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित परशुराम जयंती समारोह में हुए शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में भी शिरकत की और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर दौरे पर रहे, जहां उन्होंने भगवान परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में भी शिरकत की और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया ऐसा शुभ दिन है, जिसका पुण्य कभी क्षय नहीं होता और यह भारतीय संस्कृति की आस्था का प्रतीक है।

रविवार देर शाम इंदौर आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों ने अगवानी की। मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन चरित्र हमें धर्म, न्याय और साहस की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि परशुराम जी ने अधर्म के खिलाफ संघर्ष कर समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य किया, जो आज भी प्रासंगिक है।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के बड़ा गणपति चौराहे पर परशुराम जयंती समारोह में शामिल होकर भगवान परशुराम का माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री को सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित परशुराम जयंती समारोह में "फरसा" भेंटकर गजमाला से सम्मानित किया गया।

बड़ा गणपति पर मौजूद मंच पर सीएम ने पूर्व विधायक और कवि सत्यनारायण सत्तन से स्वागत करवाने की बजाय खुद ही उनका स्वागत किया और आशीर्वाद लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखिलिया में आयोजित प्रोग्राम और शोभायात्रा में शामिल होने के लिए रवाना हुए।

मुख्यमंत्री ने अक्षय तृतीया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन सनातन परंपरा में विशेष स्थान रखता है और इस दिन किए गए पुण्य कार्यों का फल अक्षय रहता है। सीएम ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में भी शिरकत की और कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए समाज में सद्भाव बनाए रखें।
Varsha Shrivastava 
