Mauganj: कलेक्टर की पहल से आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधार, एक साल पुरानी समस्या का समाधान
मऊगंज में कलेक्टर संजय कुमार जैन की जनसुनवाई के दौरान एक छात्रा की आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधार की एक वर्ष पुरानी समस्या का समाधान हुआ. जिला प्रशासन की पहल से हितग्राही को बड़ी राहत मिली.
मऊगंज से राजेंद्र पयासी ।
जिला प्रशासन की जनसुनवाई आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनती जा रही है. मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर एक छात्रा की करीब एक वर्ष से लंबित आधार कार्ड संबंधी समस्या का समाधान कर दिया गया. जन्मतिथि में संशोधन होने के बाद छात्रा और उसके परिवार ने राहत की सांस ली और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया.
मऊगंज निवासी रिया चतुर्वेदी, पिता उपेंद्र चतुर्वेदी, पिछले लगभग एक वर्ष से अपने आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि को सही कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही थीं. कई स्तरों पर आवेदन और प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था. आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत होने के कारण उन्हें शैक्षणिक दस्तावेजों सहित अन्य जरूरी कार्यों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.
समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर रिया ने कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया. आवेदन मिलते ही कलेक्टर संजय कुमार जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत आधार कार्ड में जन्मतिथि का सफलतापूर्वक संशोधन करा दिया.
करीब एक वर्ष से लंबित समस्या के हल होने के बाद रिया और उनके परिवार ने खुशी जताई. उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान हुआ और प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली पर उनका विश्वास और मजबूत हुआ. उन्होंने कलेक्टर संजय कुमार जैन और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया.
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि जनसुनवाई शासन और नागरिकों के बीच भरोसे का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार तय समय सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े.
जिला प्रशासन का कहना है कि जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कर सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत किया जा रहा है. प्रशासन की यह पहल आम नागरिकों का भरोसा बढ़ाने के साथ जनसेवा के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को भी मजबूत कर रही है.
Anubhav Dubey 
