मूसलाधार बारिश से बेगमगंज–सुल्तानगंज सड़क संपर्क टूटा, 80 गांवों का आवागमन प्रभावित

सेमरी नदी में उफान से बही एप्रोच सड़क, ग्रामीणों को सिलवानी होकर जाना पड़ रहा

मूसलाधार बारिश से बेगमगंज–सुल्तानगंज सड़क संपर्क टूटा, 80 गांवों का आवागमन प्रभावित

रायसेन। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। बेगमगंज से सुल्तानगंज को जोड़ने वाला सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जिससे करीब 80 गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया है। जानकारी के अनुसार, बीती देर रात हुई तेज बारिश के बाद सेमरी नदी में जलस्तर बढ़ गया, जिससे हरसीली घाट पर निर्माणाधीन सड़क के लिए बनाई गई एप्रोच सड़क तेज बहाव में बह गई।

बताया जा रहा है कि बेगमगंज–सुल्तानगंज सड़क का निर्माण कार्य अभी जारी है। इसी कारण आवागमन बनाए रखने के लिए अस्थायी एप्रोच रोड तैयार की गई थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण वह उखड़ गई। सड़क संपर्क टूटने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब लोगों को बेगमगंज पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करते हुए सिलवानी होकर जाना पड़ रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से कछुआ चाल से चल रहा है। उन्होंने बारिश के मौसम में संभावित परेशानी को लेकर पहले भी निर्माण कंपनी और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया था, लेकिन समय रहते आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए। परिणामस्वरूप बारिश के पहले ही बड़े दौर में सड़क संपर्क बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से जल्द से जल्द एप्रोच सड़क की मरम्मत कर आवागमन बहाल करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।