BJP Meeting Orchha : BJP कार्यसमिति का मंथन संपन्न, BJP प्रदेश अध्यक्ष बोले- संगठन-विचारधारा को करेंगे मजबूत
BJP Meeting Orchha :ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक सोमवार को संपन्न हुई। बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रेस-ब्रीफिंग की।
BJP Meeting Orchha : मध्य प्रदेश। ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक सोमवार को संपन्न हुई। बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रेस-ब्रीफिंग की। उन्होंने कहा कि श्रीराम राजा की नगरी में पार्टी नई दिशा और नए संकल्प के साथ जुटी थी। कार्यसमिति में संगठन और विचारधारा को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि बैठक में हर वर्ग और हर क्षेत्र से जुड़े विषयों पर मंथन किया गया और अब इन संकल्पों को जमीन पर उतारने का काम किया जाएगा।
युवा, महिला, किसान और आदिवासी मुद्दों पर चर्चा
हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि कार्यसमिति में युवा, महिलाएं, किसान और आदिवासी समाज सहित अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। उद्योग और रोजगार को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने के साथ सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर काम करेगी। बैठक में वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिला और पदाधिकारियों से इन सुझावों के आधार पर आगे काम करने का आह्वान किया गया।

सेवा, सुशासन और सामाजिक समरसता पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में सेवा, सुशासन और सामाजिक समरसता के साथ मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। भाजपा का लक्ष्य विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाना है।
वरिष्ठ नेताओं ने किया पदाधिकारियों का मार्गदर्शन
कार्यसमिति की शुरुआत भाजपा के ध्वजारोहण के साथ हुई थी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को पदाधिकारियों ने एक साथ सुना। उद्घाटन सत्र में पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। राजनीतिक प्रस्ताव में बुंदेलखंड विकास, गरीब कल्याण, औद्योगिक विकास, रोजगार, किसान कल्याण और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दे शामिल रहे।

‘विकसित भारत 2047’ पर हुआ मंथन
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि बैठक में ‘समरसता का संकल्प’ और ‘विकसित भारत 2047’ जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली का आधार सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता है। संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के जरिए समाज में समानता, भाईचारे और समरसता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के लोकसेवा कार्यकाल का अभिनंदन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से उनके सेवा, सुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
इसके लिए 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम और सेवा गतिविधियां चलाने की योजना है। पार्टी इन कार्यक्रमों के जरिए संगठन और जनसंपर्क को और मजबूत करने पर जोर देगी।

कृषक कल्याण वर्ष पर सरकार का फोकस
हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में सरकार के कार्यकाल और अपने नेतृत्व के ढाई वर्षों का लेखा-जोखा भी रखा। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
इसमें किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने और कृषि उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले समय में महिलाओं से जुड़ी योजनाओं और उनके सशक्तिकरण पर भी फोकस करने की बात कही गई।
केन- बेतवा परियोजना को बताया महत्वपूर्ण
बैठक में प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई। इसमें लाड़ली बहना योजना, किसान कल्याण, शिक्षा, मेडिकल कॉलेज, रोजगार, उद्योग, जल संरक्षण, सड़क, पर्यटन और अधोसंरचना जैसे क्षेत्र शामिल रहे। हेमंत खण्डेलवाल ने केन-बेतवा परियोजना को बुंदेलखंड के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और बिजली से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति ने संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन, सामाजिक समरसता और विकास के कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता लगातार काम करेंगे। ओरछा की धरती से बुंदेलखंड की विरासत और विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है।
पार्टी का लक्ष्य मध्यप्रदेश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में काम करना है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को सफल बनाने वाले कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और प्रशासन का आभार जताया।


