इंदौर में चलती कार में लगी आग, परिवार सुरक्षित बाहर निकला
इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल रोड पर चलती कार में अचानक आग लग गई, लेकिन चालक की सूझबूझ से पूरा परिवार समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आया।राहगीरों की मदद से आग पर काबू पाया गया, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है।
इंदौर में बड़ा हादसा टल गया। चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में सवार पूरा परिवार समय रहते बाहर निकल आया। राहगीरों की सूझबूझ से आग पर भी काबू पा लिया गया।
मामला इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल रोड स्थित रेडिसन चौराहे के पास का है, जहां एक चलती मारुति स्विफ्ट कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में दंपति, उनकी बुजुर्ग मां और करीब 3 साल की बच्ची सवार थी। जैसे ही कार से धुआं और आग की लपटें उठीं, चालक ने तुरंत वाहन रोका और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसी दौरान मौके से गुजर रहे एक पानी के टैंकर चालक ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने में मदद की, जिससे आग पर काबू पा लिया गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एसीपी पराग सैनी के मुताबिक, समय रहते सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

