दिवाली से पहले प्रशासन की बड़ी कार्रवाई : पटाखा दुकान और गोदाम सील; सुरक्षा नियमों की अनदेखी पड़ी भारी

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में जिले भर में पटाखा दुकानों और गोदामों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत राऊ क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

दिवाली से पहले प्रशासन की बड़ी कार्रवाई : पटाखा दुकान और गोदाम सील; सुरक्षा नियमों की अनदेखी पड़ी भारी

मध्य प्रदेश। इंदौर में दीपावली पर पटाखों की आतिशबाजी के बीच लोगों की जान जोखिम में डालने वाली लापरवाही पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। राऊ क्षेत्र में पटाखा दुकान और गोदाम की अचानक जांच करने पहुंची प्रशासनिक टीम को अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में खामियां और निर्धारित क्षमता से अधिक पटाखा सामग्री का भंडारण मिला। 

सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आते ही प्रशासन ने भारत फायर वर्क्स नाम से संचालित दुकान-गोदाम को सील कर दिया। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि दीपावली से पहले सुरक्षा नियमों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में जिले भर में पटाखा दुकानों और गोदामों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत राऊ क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही और क्षमता से अधिक पटाखा सामग्री मिलने पर तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की गई। राऊ एसडीएम लोकेंद्र सिंह सरल के मार्गदर्शन में तहसीलदार धीरज सोनी ने यह कार्रवाई की। 

प्रशासन के अनुसार, संबंधित प्रतिष्ठान इमरान पिता अहमद नूर द्वारा संचालित होना बताया गया है। अब दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया पर भी विचार किया जा रहा है। इस मामले में कलेक्टर शिवम वर्मा (Collector Shivam Verma) ने स्पष्ट किया है कि पटाखा दुकानों और गोदामों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। जांच में अनियमितता मिलने पर सीलिंग और लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी कार्रवाई की जाएगी।