मध्य प्रदेश में बड़ा फूड अलर्ट : 50 से ज्यादा घी ब्रांड असुरक्षित, पूरे देश से वापस मंगवाने के आदेश

MP Ghee Adulteration Alert : त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 50 से अधिक घी के सैंपल असुरक्षित पाए जाने पर बड़ा एक्शन लिया है।

मध्य प्रदेश में बड़ा फूड अलर्ट : 50 से ज्यादा घी ब्रांड असुरक्षित, पूरे देश से वापस मंगवाने के आदेश

MP Ghee Adulteration Alert : भोपाल। त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 50 से अधिक घी के सैंपल असुरक्षित पाए जाने पर सख्त एक्शन लिया है। प्रशासन ने प्रेस नोट जारी कर जानकारी दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

42 उत्पादों को पूरे देश से वापस मंगवाने के आदेश

इसी अभियान के तहत जांच में फेल हुए घी और मसालों के 42 ब्रांड्स के बैच को पूरे देश से रीकॉल करने के प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही 8 ब्रांड्स को संबंधित जिलों में बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए हैं। कुल 50 उत्पादों पर कार्रवाई की गई है। 42 उत्पादों को पूरे देश के बाजारों से वापस लिया जाएगा जबकि 8 उत्पादों की जिले में बिक्री पर रोक लगाई गई है।

नामी ब्रांड्स भी जांच में फेल

जांच में जो घी असुरक्षित पाए गए हैं उनमें कई नामी ब्रांड शामिल हैं। छिंदवाड़ा के अनिक घी और सात्विक केश देसी घी, धार के श्रीमूल एगमार्क शुद्ध घी, अमृत शुद्ध घी, नंद कृष्णा घी और मधुसूदन देसी घी फेल रहे। नर्मदापुरम, उज्जैन, इंदौर और दतिया के कई उत्पादों के सैंपल भी असुरक्षित पाए गए। इंदौर जिले के श्रीमूल एगमार्क, वास्तु एगमार्क और लाल मिर्च पाउडर के कई बैच भी जांच में फेल हुए हैं।

प्रशासन की अपील- इन उत्पादों से बचें

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इन उत्पादों को न खरीदें और उपयोग न करें। यदि आपके पास ये उत्पाद हैं तो तुरंत दुकानदार को लौटा दें। सभी खाद्य प्रतिष्ठान इन उत्पादों का क्रय, भंडारण और विक्रय तत्काल बंद करें। मिलावट की कोई भी सूचना नजदीकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय में दें ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

त्योहारी सीजन में सख्ती जारी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मिलावटखोरों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने और केवल गुणवत्तापूर्ण उत्पादों का ही इस्तेमाल करने की अपील की गई है।