महेंद्र सिंह यादव बने अपेक्स बैंक के प्रशासक, MP में नियुक्तियों का दौर जारी
ग्वालियर के भाजपा नेता महेन्द्र सिंह यादव को अपेक्स बैंक का प्रशासक नियुक्त किया गया है।
मध्य प्रदेश में इन दिनों राजनीतिक और प्रशासनिक नियुक्तियों का सिलसिला तेज हो गया है। इसी कड़ी में ग्वालियर निवासी महेंद्र सिंह यादव को अपेक्स बैंक का प्रशासक नियुक्त किया गया है। पंजीयक सहकारी संस्थाएं, भोपाल द्वारा 25 अप्रैल 2026 को जारी आदेश में यह नियुक्ति की गई है।

महेंद्र सिंह यादव, मुरार क्षेत्र के मोहनपुर के रहने वाले हैं और बड़ागांव सोसाइटी के सदस्य भी हैं। उन्हें अपेक्स बैंक जैसे महत्वपूर्ण संस्थान की जिम्मेदारी सौंपना राजनीतिक और सहकारिता क्षेत्र में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे पहले 14 जुलाई 2025 से इस पद पर प्रमुख सचिव सहकारिता डी.पी. आहूजा पदस्थ थे। अब उनकी जगह यादव को यह जिम्मेदारी दी गई है, जिससे सहकारी बैंकिंग व्यवस्था में नए बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
अन्य विकास प्राधिकरणों में भी नियुक्तियां
राज्य में केवल अपेक्स बैंक ही नहीं, बल्कि अन्य विकास प्राधिकरणों में भी बड़े स्तर पर नियुक्तियां की गई हैं। नगरीय प्रशासन विभाग ने उज्जैन विकास प्राधिकरण (UDA) में रविंद्र (रवि) सोलंकी को अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं मुकेश यादव और रवि वर्मा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा विजय अग्रवाल, अमित श्रीवास्तव, रामचंद्र शर्मा (रामागुरु), सुशीला जाटव और दुर्गा बिलोटिया को सदस्य नियुक्त किया गया है।
ग्वालियर और साड़ा में बदलाव
विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SADA) ग्वालियर में अशोक शर्मा को अध्यक्ष और हरीश मेवाफरोश को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं ग्वालियर विकास प्राधिकरण (GDA) में मधुसूदन भदौरिया को अध्यक्ष और सुधीर गुप्ता व वेदप्रकाश शिवहरे को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
Varsha Shrivastava 
