मैहर में 5.34 करोड़ का कॉलेज, लेकिन सड़क नहीं... 120 सीटों में सिर्फ 2 छात्रों ने लिया एडमिशन

मैहर के नादन गांव में 5.34 करोड़ रुपये से बने शासकीय महाविद्यालय तक सड़क नहीं होने से 120 सीटों में सिर्फ 2 छात्रों ने एडमिशन लिया। बारिश में 3 किमी का रास्ता दलदल बन जाता है।

मैहर में 5.34 करोड़ का कॉलेज, लेकिन सड़क नहीं... 120 सीटों में सिर्फ 2 छात्रों ने लिया एडमिशन

अक्टूबर 2023 में मैहर को मध्य प्रदेश का 55वां जिला बनाया गया था। उम्मीद थी कि नया जिला बनने के बाद शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं में तेजी से सुधार होगा। लेकिन नादन गांव का शासकीय महाविद्यालय इन उम्मीदों पर सवाल खड़े कर रहा है।

करीब 5.34 करोड़ रुपये की लागत से बने इस कॉलेज तक पहुंचने के लिए आज भी छात्रों को लगभग 3 किलोमीटर कच्चे और कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। बारिश शुरू होते ही यह रास्ता दलदल में बदल जाता है। नतीजा यह है कि 120 सीटों वाले कॉलेज में इस सत्र में अब तक सिर्फ 2 छात्रों ने ही एडमिशन लिया है।

दिसंबर 2025 में मिली नई बिल्डिंग

नादन शासकीय महाविद्यालय की स्थापना वर्ष 2017 में हुई थी। शुरुआत में यहां कला संकाय की पढ़ाई हायर सेकेंडरी स्कूल की कुछ कक्षाओं में कराई जाती थी। दिसंबर 2025 में कॉलेज की नई इमारत तैयार होकर हैंडओवर हुई, लेकिन भवन तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं बनाई गई।

बताया गया कि पिछले साल भी कई छात्रों ने खराब रास्ते की वजह से दूसरे कॉलेजों में प्रवेश ले लिया था।

प्राध्यापकों को भी होती है परेशानी

कॉलेज में कुल 6 प्राध्यापक पदस्थ हैं, जिनमें 3 महिला प्राध्यापक शामिल हैं। नियमित कर्मचारी सिर्फ एक है। खराब रास्ते की वजह से शिक्षकों को भी रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार उन्हें कीचड़ में जूते-चप्पल हाथ में लेकर कॉलेज तक पहुंचना पड़ता है।

ग्रामीणों ने जताई चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द सड़क नहीं बनी तो करोड़ों रुपये की लागत से बना यह कॉलेज बेकार साबित हो जाएगा। उनका कहना है कि सड़क के अभाव में क्षेत्र के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और उच्च शिक्षा तक उनकी पहुंच मुश्किल बन गई है।

प्रभारी प्राचार्य ने क्या कहा?

नादन महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य वाचस्पति त्रिपाठी ने बताया कि कॉलेज तक पहुंचने वाला मार्ग पूरी तरह कच्चा है और बारिश में दलदल बन जाता है। इसी वजह से छात्र यहां प्रवेश लेने से बच रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मैहर कलेक्टर और स्थानीय विधायक को सड़क निर्माण के लिए पत्र भेजा गया है।