MP News: मऊगंज का देवलहा वॉटरफॉल बना नशेड़ियों का अड्डा! पर्यटकों से अभद्रता और मारपीट के आरोप

मऊगंज के देवलहा जलप्रपात क्षेत्र में नशा करने वालों और पर्यटकों से अभद्रता की शिकायतें सामने आई हैं। नईगढ़ी थाना प्रभारी ने संदिग्धों को चिह्नित कर कार्रवाई की बात कही।

MP News: मऊगंज का देवलहा वॉटरफॉल बना नशेड़ियों का अड्डा! पर्यटकों से अभद्रता और मारपीट के आरोप

रिपोर्टर राजेंद्र प्यासी, मऊगंज: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले का प्रसिद्ध देवलहा जलप्रपात अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है, लेकिन अब यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलप्रपात क्षेत्र में नशा करने वाले और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है। इससे यहां घूमने आने वाले पर्यटकों, खासकर महिलाओं और परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।

नईगढ़ी थाना क्षेत्र में स्थित देवलहा जलप्रपात पर रीवा, मऊगंज, सीधी, सतना और प्रयागराज सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, छुट्टियों के दिनों में यहां सैलानियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। आरोप है कि जलप्रपात के प्रवेश मार्ग से लेकर मुख्य कुंड तक कुछ लोग नशा करते दिखाई देते हैं और नशे की हालत में पर्यटकों के साथ अभद्रता करते हैं।

महिलाओं से छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप

स्थानीय लोगों का दावा है कि देवलहा जलप्रपात क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से छेड़छाड़, मारपीट और मोबाइल-पर्स छीनने जैसी घटनाएं होती रही हैं। आरोप है कि विरोध करने पर कुछ पर्यटकों के साथ मारपीट भी की गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ मामलों में पीड़ितों ने नईगढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जबकि कई घटनाएं सामने नहीं आ पाईं। हालांकि, इन घटनाओं की संख्या और मौजूदा स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

चार साल पहले सामूहिक दुष्कर्म की घटना से दहला था क्षेत्र

देवलहा जलप्रपात क्षेत्र में करीब चार साल पहले घूमने आई एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में अभियान चलाया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उस समय सुरक्षा व्यवस्था सख्त हुई थी, लेकिन बाद में निगरानी कम होने के साथ असामाजिक तत्वों की गतिविधियां फिर बढ़ गईं।

इस पुरानी घटना का हवाला देते हुए स्थानीय नागरिकों ने पर्यटक स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर और एसपी से कार्रवाई की मांग

क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों से देवलहा जलप्रपात के आसपास नियमित पुलिस गश्त कराने की मांग की है। इसके साथ ही नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि देवलहा जलप्रपात मऊगंज की पहचान और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से पर्यटक बिना डर के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे।

थाना प्रभारी बोले- आरोपियों को चिह्नित कर रही पुलिस

नईगढ़ी थाना प्रभारी अनिल काकड़े ने कहा कि वॉटरफॉल क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की जानकारी संज्ञान में आई है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है और पुलिस टीम लगातार कार्रवाई के लिए काम कर रही है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, कानून के खिलाफ काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

अब देखना होगा कि पुलिस की कार्रवाई और नियमित निगरानी से देवलहा जलप्रपात क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कितनी बेहतर होती है और पर्यटकों का भरोसा दोबारा कायम करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।