Mauganj News : नईगढ़ी के हृदयस्थली में मौत का ट्रांसफार्मर, 3 फीट पर झूल रहा 440 वोल्ट का करंट

Mauganj News : नागरिकों ने कलेक्टर मऊगंज और कार्यपालन यंत्री विद्युत विभाग मऊगंज से मांग की है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित फ्यूज बॉक्स लगाया जाए, तारों को कवर किया जाए।

Mauganj News : नईगढ़ी के हृदयस्थली में मौत का ट्रांसफार्मर, 3 फीट पर झूल रहा 440 वोल्ट का करंट

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज 

मऊगंज जिले के नगर परिषद नईगढ़ी नगर का हृदय कहे जाने वाला ब्लॉक चौराहा इन दिनों बिजली विभाग एवं नगर परिषद की घोर लापरवाही के कारण मौत के मुहाने पर खड़ा है। जहां दिन भर हजारों लोगों, स्कूली बच्चों और हाट-बाजार आने वाले ग्रामीणों की चहल-पहल रहती है, वहीं विभाग ने एक माह पूर्व नया ट्रांसफार्मर तो लगा दिया, लेकिन सुरक्षा के सारे मानक ताक पर रख दिए।

जानकारी के अनुसार इस ट्रांसफार्मर में विधिवत सील्ड फ्यूज बॉक्स लगाने के बजाय जमीन से महज 3 फीट ऊपर नंगे तारों के सहारे फ्यूज लटका दिया गया है। इन खुले तारों में 24 घंटे 440 वोल्ट का करंट प्रवाहित हो रहा है। जरा सी हवा चलने पर चिंगारियां फूटती हैं और बारिश के मौसम में यह पूरा क्षेत्र करंट का मैदान बन सकता है। स्थिति इतनी भयावह है कि अनजाने में कोई भी व्यक्ति, बच्चा या मवेशी इसकी चपेट में आ सकता है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह ट्रांसफार्मर नईगढ़ी कस्बे के सबसे व्यस्ततम चौराहा में नगर परिषद की सरकारी दुकानों से सटा हुआ है। इसी चौराहे से ब्लॉक कार्यालय, गढ़ एवं देवतालाब मार्ग, थाना, अस्पताल, महिला बाल विकास विभाग कार्यालय,मुख्य बाजार का रास्ता गुजरता है। दिन भर यहां भीड़ लगी रहती है। इसके बावजूद विभाग ने खुले तारों को कवर करने या सुरक्षा जाली लगाने की जहमत नहीं उठाई।

जबकि नियमानुसार किसी भी नए ट्रांसफार्मर में फ्यूज बॉक्स, प्रॉपर अर्थिंग, सुरक्षा बाड़ और चेतावनी बोर्ड लगाना अनिवार्य है, लेकिन नईगढ़ी में इनमें से कुछ भी नहीं है। यह कोई पुराना जर्जर ट्रांसफार्मर नहीं है, बल्कि एक माह पहले लगाया गया नया ट्रांसफार्मर है, जो विभागीय एवं ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

स्थानीय समाजसेवियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार मौखिक शिकायत की गई, लेकिन न तो नगर परिषद नईगढ़ी और न ही विद्युत विभाग ने सुध ली। आखिर प्रशासन किस बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?

आम नागरिकों ने कलेक्टर मऊगंज और कार्यपालन यंत्री विद्युत विभाग मऊगंज से मांग की है कि  जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित फ्यूज बॉक्स लगाया जाए, नंगे तारों को व्यवस्थित कर कवर किया जाए और दोषी कर्मचारियों पर कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।