मां दुर्गा के पंडाल को बनाया अखाड़ा: जमीन को लेकर दो पक्षों में मारपीट, पुलिस ने 7 उपद्रवियों को भेजा जेल
मऊगंज में दुर्गा पंडाल बना विवाद का अखाड़ा, जमीन को लेकर दो पक्षों में मारपीट, शांति भंग करने पर नईगढ़ी पुलिस ने दोनों पक्षों के 7 लोग किए गिरफ्तार
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
आस्था के मंदिर में उपद्रव करने वालों पर नईगढ़ी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मां दुर्गा पंडाल की जमीन को लेकर विवाद और मारपीट करने वाले 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल काकड़े के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पूरे मामले के बारे में पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भीर के धोबिया टोला में दुर्गा पंडाल की जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो रहा है और शांति व्यवस्था भंग हो रही है। सूचना पर थाना प्रभारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उपद्रव कर रहे लोगों को काफी समझाइश दी, लेकिन वे नहीं माने। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों के 7 लोगों को BNS की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालयीन वारंट पर सभी को उप जेल मऊगंज भेज दिया गया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी विजय प्रजापति पिता परदेशी प्रजापति (28 वर्ष),बृजेन्द्र साकेत पिता रामसजीवन साकेत (32 वर्ष), दिलीप साकेत पिता द्वारिका साकेत (25 वर्ष)। वहीं दूसरे पक्ष से संतोष साकेत पिता श्यामलाल साकेत (19 वर्ष), रावेन्द्र कुमार साकेत पिता श्यामलाल साकेत (24 वर्ष), श्यामलाल साकेत पिता रामदास साकेत (50 वर्ष), मनोज साकेत पिता श्यामलाल साकेत (26 वर्ष) है। सभी निवासी ग्राम धोबिया टोला भीर, थाना नईगढ़ी जिला मऊगंज।
आरोपियों को गिरफ्तार करने में थानाप्रभारी निरीक्षक अनिल काकड़े, उप निरीक्षक आर.पी. वर्मा, सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक दिवाकर सिंह, सुरेन्द्र यादव, रामकुमार भास्कर, आरक्षक अविनाश सिंह, आकाश पनिका और प्रकाश कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Varsha Shrivastava 
