मऊगंज में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन: सांसद-विधायक और अधिकारियों ने की सुख-समृद्धि की कामना
मऊगंज पुलिस ने विधि-विधान से की शस्त्र पूजा: पुलिस कंट्रोल रूम से लेकर थानों तक हुआ विधिवत पूजन, एसपी बोले- आम नागरिकों के सदैव रक्षक हैं हम
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
भारतीय संस्कृति में शस्त्र कभी भी आतंक का प्रतीक नहीं रहे, वे सदा से धर्म, न्याय और निर्बलों की रक्षा के प्रतीक रहे हैं। जब-जब अधर्म ने अपना फन फैलाया है, तब-तब इन्हीं शस्त्रों ने दुष्टों का संहार कर सज्जनों को अभयदान दिया है। इसी परम्परा और शस्त्र की मर्यादा को नमन करने का पर्व है विजयदशमी। मंगलवार को नवसृजित जिला मऊगंज में यह परम्परा पूर्ण गरिमा और भव्यता के साथ जीवंत हुई।

जिले के मुख्य आयोजन स्थल पुलिस कंट्रोल रूम मऊगंज में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच शस्त्रों को एक पंक्ति में सुसज्जित कर रखा गया था। फूल-मालाओं, रोली-अक्षत और धूप-दीप से उनका श्रृंगार किया गया।

मऊगंज जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा, कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम ने विधि-विधान पूर्वक पूजन किया। उपस्थित अधिकारियों और जनसमुदाय ने हाथ जोड़कर शक्ति की आराधना की।

मऊगंज के साथ ही देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के लौर थाना परिसर में भी शस्त्र पूजन का भव्य आयोजन हुआ। यहां पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम ने मुख्य यजमान के रूप में पूजन किया।

इस अवसर पर एसडीओपी सचि पाठक, थाना प्रभारी रीना सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं पुलिस परिवार उपस्थित रहा। पूरे परिसर में वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के जयकारे गूंजते रहे।

हर थाने में पूजन, लोक-रक्षा की शपथ ली
केवल जिला मुख्यालय ही नहीं, अपितु जिले के समस्त थाना क्षेत्रों - हनुमना, शाहपुर, नईगढ़ी, लौर मऊगंज सहित सभी पुलिस चौकियों में पारंपरिक रूप से अस्त्र-शस्त्रों एवं शासकीय वाहनों का पूजन किया गया। प्रत्येक थाने में थाना प्रभारी ने अपने पूरे स्टाफ के साथ शस्त्रों के समक्ष नतमस्तक होकर निष्पक्ष और निर्भीक होकर कर्तव्य निर्वहन का संकल्प लिया।

जिला पुलिस बल ने इस पावन अवसर पर केवल अपने शस्त्रों का ही नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों का भी पूजन किया और समस्त जिलेवासियों के सुख, समृद्धि, सुरक्षा एवं खुशहाली की कामना की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शस्त्र पूजन हमें याद दिलाता है कि हमारा शस्त्र केवल अपराधियों के लिए है, आम नागरिकों के लिए हम सदैव रक्षक हैं।

Varsha Shrivastava 
