Nepal Flood: बाढ़ में बहकर आई बैंक की तिजोरी, तोड़कर पैसे निकालने लगे लोग; 29 गिरफ्तार, 92.68 लाख नेपाली रुपये बरामद
नेपाल में त्रिशूली नदी की बाढ़ में बहकर आई बैंक की तिजोरी तोड़कर पैसे निकालने के आरोप में 29 लोग गिरफ्तार हुए हैं। आरोपियों से 92.68 लाख नेपाली रुपये बरामद हुए। बाढ़ पीड़ित के शव से गहने चोरी के मामले में भी दो गिरफ्तारियां हुई हैं।
नेपाल इस वक्त भीषण बाढ़ और तबाही से जूझ रहा है. एक तरफ हजारों लोग लापता हैं, राहत और बचाव टीमें मलबे में फंसे लोगों को तलाश रही हैं, वहीं दूसरी तरफ इस आपदा के बीच चोरी और लूट की घटनाओं ने पुलिस की चुनौती और बढ़ा दी है.
त्रिशूली नदी में बाढ़ के बहाव के साथ बहकर आई एक बैंक की तिजोरी को तोड़कर उसमें रखे पैसे निकालने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की. आरोपियों के पास से 92 लाख 68 हजार 505 नेपाली बरामद किए गए हैं. भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 58 लाख के बराबर है.
बाढ़ में बहकर रसुवा से धादिंग पहुंची तिजोरी
पुलिस के मुताबिक, नेपाल के रसुवा के भोटेकोशी इलाके में आई भीषण बाढ़ के दौरान एक बैंक की तिजोरी बह गई थी. पानी के तेज बहाव के साथ यह तिजोरी काफी दूर तक बहती हुई धादिंग जिले के गल्छी ग्रामीण नगरपालिका-4 स्थित बेलखुखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे पहुंची.
स्थानीय लोगों को जब तिजोरी दिखाई दी तो उन्होंने कथित तौर पर उसे तोड़ने की कोशिश की. पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग तिजोरी से नकदी निकाल रहे हैं. इसके बाद नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की.
29 लोग पकड़े गए, करोड़ों की रकम नहीं बल्कि लाखों का कैश बरामद
पुलिस ने मौके से 29 लोगों को हिरासत में लिया. इनके पास से 92,68,505 नेपाली रुपये बरामद हुए. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तिजोरी में कुल कितनी रकम थी और उसमें से कितनी रकम निकाली गई.
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस मामले में गिरफ्तार लोगों के अलावा कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं. साथ ही तिजोरी किस बैंक की थी और उसमें रखी रकम का वास्तविक स्रोत क्या था, इसकी भी जांच की जा रही है.
बाढ़ के बीच लाश से भी गहने चोरी करने का आरोप
नेपाल में चोरी का यह अकेला मामला नहीं है। बाढ़ के बाद नारायणी नदी में बहकर आई एक महिला की लाश से सोने की बालियां निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वीडियो में दो लोग महिला के शव को नदी से बाहर खींचते और उसके कानों से बालियां निकालते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद नेपाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक वीडियो करीब 41 सेकेंड का था और इसी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इस घटना ने सोशल मीडिया पर भी लोगों को झकझोर दिया।
राहत-बचाव के बीच पुलिस के सामने दोहरी चुनौती
नेपाल में इस वक्त हजारों लोग अपने परिवार के सदस्यों की तलाश में हैं। कई इलाकों में सड़कें और पुल तबाह हो चुके हैं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। वहीं बड़ी संख्या में शवों की पहचान करने और उन्हें उनके परिजनों तक पहुंचाने की चुनौती भी बनी हुई है।
ऐसे वक्त में पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ लोगों की सुरक्षा और राहत-बचाव तक सीमित नहीं है। उसे उन लोगों पर भी कार्रवाई करनी पड़ रही है, जो आपदा के बीच पीड़ितों या बहकर आई संपत्ति को निशाना बना रहे हैं।
सवाल- पुलिस किसे बचाए और किसे पकड़े?
नेपाल की इस त्रासदी में एक तरफ हजारों परिवार मदद की आस में हैं। कोई मलबे में अपनों को खोज रहा है, कोई राहत शिविर में पहुंचने का इंतजार कर रहा है और कहीं रेस्क्यू टीमें जिंदगी बचाने की कोशिश कर रही हैं।
लेकिन इसी बीच पुलिस को बाढ़ में बहकर आई बैंक की तिजोरी तोड़ने वालों को पकड़ना पड़ रहा है और बाढ़ पीड़ित के शव से गहने चोरी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करनी पड़ रही है।
यानी आपदा के इस मुश्किल दौर में पुलिस के सामने एक साथ दो मोर्चे हैं—मलबे में फंसी जिंदगी तलाशना और उन लोगों को रोकना, जो इस त्रासदी में भी अपराध का मौका तलाश रहे हैं।

