MP: पटवारी ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, रेलवे ट्रैक पर पिता और कार में मिले दो बेटों के शव
नर्मदापुरम के पिपरिया में पटवारी अजय धाकड़ का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। रेलवे स्टेशन की पार्किंग में कार से उनके दो बेटों शिवम और समर्थ के शव मिले। पुलिस जांच में जुटी।
नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में एक पटवारी और उनके दो बेटों की मौत का मामला सामने आया है। पटवारी अजय धाकड़ का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जबकि उनके दोनों बेटों के शव रेलवे स्टेशन के पास पार्किंग में खड़ी कार के अंदर मिले। शुरुआती घटनाक्रम के आधार पर बच्चों की हत्या के बाद पटवारी के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
रेलवे ट्रैक पर मिला पटवारी का शव
जानकारी के मुताबिक, अजय धाकड़ अलीगंज के निवासी थे और छातेर में पटवारी के पद पर पदस्थ थे। रविवार दोपहर करीब 3 बजे पिपरिया रेलवे स्टेशन के पास उनके ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू की।
कार में मिले दोनों बेटों के शव
अजय धाकड़ की मौत की खबर मिलने के बाद परिजन ने उनके दोनों बेटों की तलाश शुरू की। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास पार्किंग में खड़ी कार में दोनों बच्चों के शव मिले। मृतकों की पहचान शिवम और समर्थ के रूप में हुई है।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
घटनाक्रम को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि दोनों बच्चों की हत्या के बाद अजय धाकड़ ने आत्महत्या की होगी। हालांकि, बच्चों की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पिपरिया एसडीओपी आशीष कुमार पवार के मुताबिक, फिलहाल मौतों के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटनाक्रम की स्थिति साफ हो सकेगी।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे। फिलहाल मामले में जांच जारी है।

