बंधौरा प्लांट में चोरी का खुलासा: 3.50 लाख का कॉपर-एल्यूमीनियम केबल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
सिंगरौली की बंधौरा पुलिस ने प्लांट में हुई चोरी का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 3.50 लाख रुपये कीमत का कॉपर-एल्यूमीनियम केबल समेत चोरी का सामान बरामद किया गया।
सिंगरौली की बंधौरा पुलिस ने प्लांट में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3.50 लाख रुपये कीमत का चोरी गया कॉपर केबल, एल्यूमीनियम केबल, सीलिंग वायर और सेफ्टी बेल्ट बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक शियाज़ के.एम. के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी रोशनी कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माडा शिवपूजन मिश्रा के निर्देशन में चौकी प्रभारी बंधौरा उपनिरीक्षक संदीप नामदेव के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को अडानी समूह के अंतर्गत विद्युत कार्य कर रही फिराज इंजीनियरिंग लिमिटेड के परिसर से आरोपी बबलू प्रसाद जायसवाल (32 वर्ष), निवासी कर्सुआलाल, चौकी बंधौरा ने अलग-अलग समय पर करीब 100 मीटर कॉपर केबल, 90 मीटर एल्यूमीनियम केबल, सीलिंग वायर और सेफ्टी बेल्ट चोरी कर ली थी।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे और घर से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी संदीप नामदेव के साथ सहायक उपनिरीक्षक राजवर्धन सिंह, प्रधान आरक्षक राकेश विश्वकर्मा, दिलीप धाकड़ तथा आरक्षक अनीश सिंह, रामराजा और शिवेंद्र सिंह की भूमिका सराहनीय रही।

