'मन की बात' का 134वां एपिसोड: महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर चर्चा कर सकते हैं PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 31 मई को मन की बात के 134वें एपिसोड में राष्ट्र को संबोधित करेंगे। चर्चा में पेट्रोल-डीजल की कीमतें, महंगाई, विश्व तंबाकू निषेध दिवस और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हो सकते हैं।

'मन की बात' का 134वां एपिसोड: महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर चर्चा कर सकते हैं PM मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे प्रसारित होगा। हर महीने प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम का देशभर के श्रोता बेसब्री से इंतजार करते हैं, क्योंकि इसमें प्रधानमंत्री विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार साझा करते हैं।

माना जा रहा है कि इस बार के एपिसोड में प्रधानमंत्री पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई, विश्व तंबाकू निषेध दिवस और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों जैसे मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। हालांकि कार्यक्रम के विषयों को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

पिछले एपिसोड में जनगणना पर की थी बात

पिछले यानी 133वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने जनगणना अभियान का उल्लेख करते हुए इसे दुनिया का सबसे बड़ा जनगणना अभियान बताया था। उन्होंने कहा था कि इस बार जनगणना प्रक्रिया में कई आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे लोगों का अनुभव पहले की तुलना में अलग और अधिक सुविधाजनक होगा।

प्रधानमंत्री ने यह भी जानकारी दी थी कि जिन राज्यों में स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां घरों की सूची तैयार करने का कार्य तेजी से जारी है। उनके अनुसार, अब तक करीब 1 करोड़ 20 लाख परिवारों के मकानों की लिस्टिंग का काम पूरा किया जा चुका है।