जंगल में भीषण आग, गांवों की ओर बढ़ा खतरा, हजारों परिवारों पर मंडराया संकट

रीवा के डभौरा क्षेत्र के जंगल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है, जो तेजी से फैलते हुए पास के गांवों की ओर बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई, फायर ब्रिगेड और वन विभाग की मदद से आग पर जल्द काबू पाने की मांग की है।

जंगल में भीषण आग, गांवों की ओर बढ़ा खतरा, हजारों परिवारों पर मंडराया संकट

रिपोर्टर-विनोद पांडेय 

रीवा: नगर परिषद डभौरा के वार्ड क्रमांक 7 धुरकुच मनिकाडाढ़ के पास स्थित जंगल में अचानक भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। आग तेजी से फैलते हुए अब ग्राम कोटा की ओर बढ़ रही है, जिससे आसपास के ग्रामीण इलाकों में खतरे की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो यह रिहायशी क्षेत्रों में प्रवेश कर सकती है, जिससे हजारों परिवारों के घर इसकी चपेट में आने की आशंका है। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

मौके पर पहुंचकर वन विभाग की टीम से मुलाकात की गई और आग को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि आग बुझाने के लिए आधुनिक उपकरणों और पर्याप्त संसाधनों का उपयोग किया जाए, ताकि इस भीषण आग को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

प्रशासन से अपील की गई है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड एवं वन विभाग की टीमों को सक्रिय किया जाए और राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए, जिससे जन-धन की हानि को रोका जा सके।