निजी सीमेंट कंपनी के विरोध में किसानों ने किया प्रदर्शन, निकाली ट्रैक्टर रैली
सतना के रामपुर बघेलान में डालमिया सीमेंट को 3600 एकड़ कृषि भूमि 40 साल की लीज पर देने के विरोध में हजारों किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। किसान नेता शैलेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में किसानों ने लीज प्रक्रिया को रद्द कर बाजार दर से चार गुना मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
सतना जिले के रामपुर बघेलान क्षेत्र में खुलने वाली डालमिया सीमेंट के खिलाफ किसान लामबंद हो गए हैं। किसान चालीस साल की लीज पर अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं।
सतना में चालीस साल की लीज पर सीमेंट कंपनी को जमीन देने का विरोध बड़े स्तर पर जारी है। आज भूमि लीज के विरोध में नाराज किसानों ने किसान यूनियन के बैनर तले ट्रैक्टर रैली निकाली और जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया। दरअसल, मामला रामपुर बघेलान तहसील की करीब 3600 एकड़ कृषि भूमि के अधिग्रहण से जुड़ा है, जिसे कंपनी को 40 वर्ष की लीज पर देने की प्रक्रिया का किसान लगातार विरोध कर रहे हैं।

मंगलवार को सैकड़ों ट्रैक्टर, चारपहिया वाहन और बाइक के साथ हजारों किसानों ने शहर में रैली निकाली और जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। रैली के दौरान किसानों ने नारेबाजी कर भूमि अधिग्रहण का विरोध जताया। राष्ट्रीय किसान नेता शैलेंद्र सिंह चौहान की अगुआई में यह प्रदर्शन हुआ। उन्होंने कहा कि किसानों की उपजाऊ जमीन उद्योगों को लीज पर सौंपना किसानों के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि सरकार जमीन का पूर्ण अधिग्रहण करे और बाजार कीमत से चार गुना मुआवजा दे, साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो किसान सड़कों पर खून बहाने को मजबूर होगा।


