सतना में ऑपरेशन के दौरान बड़ी लापरवाही: एक किडनी निकालते समय दूसरी को नुकसान, मरीज की मौत

सतना के निजी अस्पताल में किडनी ऑपरेशन के दौरान लापरवाही का आरोप. दूसरी किडनी को नुकसान पहुंचने से मरीज की मौत, रीवा अस्पताल में खुलासा.

सतना में ऑपरेशन के दौरान बड़ी लापरवाही: एक किडनी निकालते समय दूसरी को नुकसान, मरीज की मौत

मध्यप्रदेश के सतना जिले से चिकित्सा लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां किडनी के इलाज के दौरान मरीज की जान चली गई। परिजनों ने निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, पन्ना जिले का निवासी रवि रजक किडनी में पथरी की समस्या लेकर सतना के एक निजी अस्पताल पहुंचा था। जांच के बाद डॉक्टरों ने एक किडनी खराब बताते हुए ऑपरेशन की सलाह दी।

 ऑपरेशन के दौरान हुई गंभीर चूक

बताया जा रहा है कि 4 अप्रैल को करीब 5 घंटे चले ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने एक किडनी निकाल दी, लेकिन इसी दौरान दूसरी किडनी में भी कट लग गया। आरोप है कि इस गलती को छिपाने के लिए उस पर धागा बांध दिया गया।

 हालत बिगड़ी तो रीवा किया गया रेफर

ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे तुरंत रीवा के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया।

 रीवा में खुली लापरवाही की पोल

रीवा में दोबारा ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि दूसरी किडनी पर गलत कट लगाकर उसे धागे से बांध दिया गया था। इससे खून का रिसाव हुआ और किडनी पूरी तरह खराब हो गई।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दूसरी किडनी भी निकालनी पड़ी, जिसके बाद मरीज ने दम तोड़ दिया।

 परिजनों का आरोप

मृतक की मां माया रजक ने बताया कि: उनका बेटा सिर्फ पथरी के इलाज के लिए अस्पताल गया था. डॉक्टरों की लापरवाही के कारण उसकी मौत हो गई, पहले गलत ऑपरेशन किया गया फिर उसे छिपाने की कोशिश की गई.