मालगाड़ी के सामने आकर नाबालिग संग महिला ने की खुदकुशी
सतना के बगहा रेलखंड पर एक अज्ञात मां-बेटी ने मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। RPF और जीआरपी पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है और फिलहाल मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
सतना: प्रयागराज-सतना रेलखंड पर बगहा के पास मां-बेटी ने मालगाड़ी के सामने आकर खुदकुशी कर ली। जिसकी सूचना मिलते ही आरपीएफ-जीआरपी का अमला मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात को एक मालगाड़ी प्रयागराज से सतना की तरफ आ रही थी। तकरीबन 9 बजे बगहा बाइपास पुल से आगे निकलते ही लगभग 45 वर्षीय महिला और 14 वर्षीय नाबालिग अचानक मालगाड़ी के इंजन के सामने कूद गईं, जिससे पलक झपकते ही दोनों की मौत हो गई।

इस बात की सूचना गुड्स ट्रेन के पायलट ने स्टेशन मास्टर के जरिए आरपीएफ और जीआरपी को दी, तो पुलिस टीम खोजबीन करते हुए मौके पर पहुंच गई। ड्राइवर के मुताबिक, महिला और बालिका पहले ट्रैक से कुछ दूर खड़ी थीं, मगर जैसे ही मालगाड़ी करीब आई तो एकदम से सामने आ गईं।

अभी तक दोनों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। महिला ने गुलाबी रंग की फूल वाली साड़ी और गुलाबी ब्लाउज पहन रखा है, जबकि बालिका ने ब्लैक जींस और व्हाइट टी-शर्ट पहनी थी। यह घटना स्थल सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आता है। रात होने के कारण शव नहीं उठाए गए हैं; मंगलवार की सुबह पहचान के प्रयास करने के साथ क्षत-विक्षत लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।


