नागौद के बिकरा गांव में लगी भीषण आग, दमकल गाड़ी भी चपेट में आई
शुक्रवार 24 अप्रैल को सतना जिले के नागौद के बिकरा गांव में भीषण आग लग गई. आग बुझाने गई दमकल भी चपेट में आई. इस घटना में कई परिवार बेघर हुए, मवेशी जल गए और किसानों को लाखों का नुकसान हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किया.
सतना के नागौद के बिकरा गांव में खेतों में लगी भीषण आग। मौके पर आग बुझाने गई दमकल भी चपेट में आई। प्रशासन के सख्त प्रतिबंध के बावजूद खेतों में आग लगाने की घटनाएं थम नहीं रही हैं, जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भारी नुकसान के रूप में भुगतना पड़ रहा है। रामपुर बघेलान ब्लॉक के लामी करही पंचायत अंतर्गत बरदहा गांव में नरवाई की आग ने भीषण रूप धारण कर लिया।

खेत में लगाई गई आग तेज हवा के कारण अचानक बस्ती की ओर बढ़ गई। देखते ही देखते आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में आदिवासी परिवारों सहित कई ग्रामीणों के आशियाने जलकर खाक हो गए। घरों में रखा पूरा गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया। आग की चपेट में आने से कई मवेशी भी जिंदा जल गए, जिससे ग्रामीणों को दोहरी मार झेलनी पड़ी है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक लक्ष्मीनारायण पांडेय, शंकर प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद, रामनिवास, संतोष और गोमती पांडेय सहित कई परिवारों को भारी नुकसान हो चुका था। फिलहाल राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है और प्रभावितों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गांव में घटना के बाद अफरा-तफरी और दुख का माहौल बना हुआ है।
उधर, बिरसिंहपुर क्षेत्र के कारीगोही गांव में भी नरवाई की आग ने कहर बरपाया। यहां किसान आशीष पयासी के खेत तक आग पहुंच गई, जिससे उनके खेत में लगे लगभग 1500 यूकेलिप्टस के पेड़ बुरी तरह झुलस गए। इस नुकसान से किसान को लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है।
लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएं प्रशासनिक आदेशों के पालन और जागरूकता की कमी पर सवाल खड़े कर रही हैं।

