कंजर डेरों पर शाजापुर पुलिस की दबिश: 15 मामले दर्ज, ₹16 हजार की अवैध शराब जब्त

अवैध शराब के खिलाफ शाजापुर पुलिस का बड़ा अभियान: 10 ड्रम महुआ लहान किया नष्ट, ₹16 हजार से ज्यादा की अवैध शराब जब्त

कंजर डेरों पर शाजापुर पुलिस की दबिश: 15 मामले दर्ज, ₹16 हजार की अवैध शराब जब्त

शाजापुर से रिपोर्ट मनीष कुमार।

जिले में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ शाजापुर पुलिस ने आबकारी विभाग के सहयोग से विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कंजर डेरों सहित संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। अभियान में कुल 15 प्रकरण दर्ज कर ₹16,160 कीमत की अवैध शराब जब्त की गई। साथ ही शराब निर्माण के लिए तैयार 10 ड्रम महुआ लहान मौके पर नष्ट किया गया।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में 3 प्रकरण दर्ज कर 54 क्वार्टर अवैध शराब कीमत ₹4,320, मक्सी में 3 प्रकरणों में 54 क्वार्टर कीमत ₹4,860, बेरछा में 4 प्रकरणों में 9 लीटर कच्ची शराब और 16 क्वार्टर कीमत ₹2,300, शुजालपुर सिटी में 2 प्रकरणों में 36 क्वार्टर कीमत ₹3,240 सहित अकोदिया में 1 प्रकरण में 18 क्वार्टर कीमत ₹1,440 की अवैध शराब जब्त की गई। मोहन बड़ोदिया पुलिस ने भी 2 प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की।

निपानिया में 7.5 लीटर कच्ची शराब जब्त

अभियान के दौरान निपानिया कंजर डेरा में दबिश देकर रामपति पति अंतर सिंह कंजर उम्र 58 वर्ष और पवित्रा बाई पति रमेश कंजर उम्र 45 वर्ष के कब्जे से क्रमशः 3 लीटर और 4.5 लीटर, कुल 7.5 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की गई। दोनों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस टीम ने आरोपियों के खेत में बनी टापरियों में रखे शराब निर्माण के लिए तैयार 10 ड्रम महुआ लहान को भी मौके पर नष्ट किया।

पुलिस ने बताया कि रूल्की कंजर डेरा, बागली कंजर डेरा, मोहन बड़ोदिया क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर सघन तलाशी और दबिश की कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, संग्रहण और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रखने सहित संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही गई है। पुलिस ने आमजन से भी अवैध शराब संबंधी जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।