ATM में घुसा सांड, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में संचालित एटीएम मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था गंभीर सवालों के घेरे में है। जहां एक ओर 24 घंटे बैंकिंग सुविधा का दावा किया जाता है, वहीं दूसरी ओर अधिकांश एटीएम केंद्रों पर सुरक्षा के नाम पर न तो गार्ड मौजूद हैं और न ही प्रभावी निगरानी व्यवस्था दिखाई देती है।

ATM में घुसा सांड, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
google

जिले के कई एटीएम सुनसान स्थानों पर स्थापित हैं, जहां रात के समय कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं रहती। कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं या केवल औपचारिकता निभा रहे हैं। ऐसे हालात में ये एटीएम अपराधियों के लिए आसान निशाना बनते जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पहले भी जिले में एटीएम से जुड़ी चोरी और लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था में ठोस सुधार नहीं हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एटीएम केंद्रों पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, कार्यशील सीसीटीवी कैमरे और अलार्म सिस्टम अनिवार्य किए जाने चाहिए। उनका यह भी सवाल है कि एटीएम संचालन से जुड़े नियमों और एग्रीमेंट का पालन वास्तव में हो रहा है या केवल कागजी कार्रवाई तक ही सीमित है।

लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी एटीएम केंद्रों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी वारदात को रोका जा सके।