Singrauli में 32 टन अवैध कोयला बरामद, निगाही परियोजना क्षेत्र में संयुक्त टीम का बड़ा एक्शन

Singrauli के एनसीएल निगाही परियोजना क्षेत्र में खनिज विभाग, वन विभाग और एनसीएल सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने रेलवे लाइन के पास अवैध रूप से भंडारित 32 टन कोयला जब्त किया। मामले में जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Singrauli में 32 टन अवैध कोयला बरामद, निगाही परियोजना क्षेत्र में संयुक्त टीम का बड़ा एक्शन

सिंगरौली जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनसीएल की निगाही परियोजना क्षेत्र के पास करीब 32 टन अवैध कोयला जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश और खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में की गई।

रविवार को सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया के नेतृत्व में खनिज विभाग, वन विभाग और एनसीएल सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने निगाही खदान क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान रेलवे लाइन से करीब 200 मीटर दूर लावारिस हालत में अवैध रूप से भंडारित कोयला मिला। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए करीब 32 टन कोयला जब्त कर लिया।

मोरवा थाने में सुरक्षित रखा गया कोयला

जब्त किए गए कोयले को सुरक्षा के मद्देनजर मोरवा थाना परिसर में सुरक्षित रखवाया गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में खनिज नियमों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध रूप से कोयला भंडारित करने वालों की पहचान के लिए जांच जारी है।

अवैध खनन के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।