होर्मुज के पास फिर निशाने पर भारतीय क्रू: 2 दिनों में दूसरे जहाज पर हमला, 3 भारतीयों की मौत

अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच ओमान तट पर भारतीय जहाज पर हमला: लगातार दूसरे दिन निशाने पर भारतीय क्रू, होर्मुज के पास 3 भारतीयों की मौत

होर्मुज के पास फिर निशाने पर भारतीय क्रू: 2 दिनों में दूसरे जहाज पर हमला, 3 भारतीयों की मौत

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब समुद्री व्यापार और अंतरराष्ट्रीय जहाज पर भी दिखाई देने लगा है। गुरुवार को ओमान के शिनास बंदरगाह के पास भारतीय क्रू वाले जहाज MT जलवीर पर हमला होने की खबर सामने आई। हमले के बाद जहाज में आग लग गई। घटना के बाद ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

होर्मुज के पास हमले में 3 भारतीयों की मौत

इससे एक दिन पहले होर्मुज जलडमरूमध्य के पास तेल टैंकर MT सेत्तेबेल्लो पर हुए हमले में 3 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में भारतीय क्रू सदस्य शामिल हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार जहाज पर कुल 24 भारतीय सवार थे, जिनमें से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि 3 लापता थे। हालांकि, बाद में उनके मृत होने की पुष्टि हुई।

3 दिन में 2 भारतीय क्रू वाले जहाजों पर हमला

पिछले तीन दिनों में भारतीय क्रू वाले दो जहाज हमलों का शिकार हुए हैं। 8 जून को MT मैरीवेक्स पर हुए हमले में सभी भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया था। वहीं 10 जून को MT सेत्तेबेल्लो पर हुए हमले में तीन भारतीयों की जान चली गई। ताजा घटना के बाद खाड़ी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं।

लगातार बढ़ रहा है अमेरिका-ईरान तनाव

गुरुवार को भी अमेरिका और ईरान के बीच हमले जारी रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के ठिकानों पर 49 टॉमहॉक मिसाइलें दागीं और लड़ाकू विमानों के जरिए भी कई हमले किए। वहीं ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम ने दावा किया कि दक्षिणी ईरान के जाम क्षेत्र में अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया गया है। हालांकि अमेरिका ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।