मऊगंज के शाहपुर थाना क्षेत्र में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
मऊगंज के शाहपुर थाना क्षेत्र के चौहना स्थित दुबिया मेले में तलवार लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया
राजेंद्र पयासी मऊगंज: जिले के शाहपुर थाना पुलिस ने ग्राम दुबिया (चौहना) मेले में तलवार लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकान्त सरयाम व एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में किया पेश
थाना प्रभारी शाहपुर रामदीन सिंह और चौकी प्रभारी खटखरी रजनीश मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-135 पर चौहना दुबिया गेट के पास एक व्यक्ति धारदार तलवार लहराकर मेला में आने-जाने वालों को डरा रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी अरिदमन शुक्ला उर्फ हरिदमन उर्फ दद्दू शुक्ला 27 वर्ष निवासी बरांव शुक्लान को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार कीमत 1000 रुपये जप्त की गई। थाना शाहपुर में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

