राजधानी दिल्ली में बम की धमकी से हड़कंप, चार स्कूल और बैंक निशाने पर
दिल्ली में चार स्कूलों और एक्सिस बैंक की एक शाखा को बम धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, हालांकि अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
भोपाल: सोमवार सुबह राजधानी दिल्ली में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अलग-अलग इलाकों में स्थित चार स्कूलों और एक बैंक को बम से उड़ाने की धमकी भरे संदेश मिले। सुबह करीब 8 बजे से 9:30 बजे के बीच इन संस्थानों को यह धमकी मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई।
चार स्कूल और एक बैंक को मिला धमकी संदेश
धमकी मिलने वाले संस्थानों में आर्मी पब्लिक स्कूल (दिल्ली कैंट), सलवान पब्लिक स्कूल (मयूर विहार), मीरा पब्लिक स्कूल (जनकपुरी), राबिया गर्ल्स स्कूल (बल्लीमारान) और बराखंबा रोड स्थित एक्सिस बैंक की शाखा शामिल है, जो स्टेट्समैन हाउस में स्थित है।सूचना मिलते ही सभी स्कूल परिसरों को एहतियातन खाली करा लिया गया। छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी। बैंक परिसर में भी सुरक्षा एजेंसियों ने बारीकी से जांच अभियान चलाया।
साइबर टीम सक्रिय, अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि सुरक्षा के लिहाज से सभी जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया है।प्रारंभिक जांच में धमकी भरे संदेशों के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि संदेश भेजने वाले की पहचान की जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
sanjay patidar 
