CM डॉ. मोहन यादव ने 25 जुलाई को दतिया विधानसभा उपचुनाव में किया प्रचार
CM डॉ. मोहन यादव ने 25 जुलाई को दतिया विधानसभा के उदगुवा एवं उपरायं में विशाल जनसभाओं को किया संबोधित
दतिया: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी के समर्थन में 25 जुलाई को उदगुवा एवं उपराय में विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर से गायब हो रही है और अब हमें मिलकर कांग्रेस को दतिया से भी पूरी तरह गायब करना है। यह चुनाव केवल विधायक चुनने का नहीं, बल्कि दतिया के विकास को नई गति देने और कांग्रेस द्वारा वर्षों तक रोके गए विकास कार्यों का हिसाब चुकता करने का चुनाव है।
दतिया का उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी की सरकार के विकास और कांग्रेस के झूठ और भ्रम की राजनीति के बीच है। दतिया की देवतुल्य जनता भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर बुंदेलखंड के विकास को और गति दे। भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। कांग्रेस ने केवल विकास रोका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशाल जनसभा में उमड़े जनता जनार्दन से कमल के फूल के पक्ष में मतदान कर भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। जनसभा को वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, उपचुनाव प्रभारी व सांसद भारत सिंह कुशवाह एवं पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी संबोधित किया।
BJP सरकार जनहित की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पित
CM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश की डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार जनहित की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है और यही उसकी सबसे बड़ी पहचान है। भाजपा सरकार ने एक लाख करोड़ की लागत से केन-बेतवा नदी जोड़कर बुंदेलखंड क्षेत्र में पानी की किल्लत को खत्म किया है। बुंदेलखंड के विकास के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। एक लाख करोड़ रुपए से अधिक की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से सिंचाई, पेयजल और कृषि क्षेत्र को नया जीवन मिलेगा। दतिया क्षेत्र में बिजली, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।
सड़क, बिजली, पानी, रोजगार सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार लोगों को सड़क, बिजली, पानी और रोजगार की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में पुलिस की हजारों भर्तियां निकाली गई हैं, कर्मचारियों के लंबित प्रमोशन किए गए हैं, आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों को निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर एयर एंबुलेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कृषि, दुग्ध उत्पादन और रोजगार जैसे सभी क्षेत्रों में सरकार लगातार कार्य कर रही है। कांग्रेस ने केवल झूठे वादे किए और विकास का पहिया रोकने का काम किया। कांग्रेस कभी किसानों, गरीबों और युवाओं के हित में ईमानदारी से काम नहीं कर सकती। कांग्रेस की राजनीति केवल भ्रम फैलाने तक सीमित है, जबकि भाजपा विकास और जनसेवा की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर शिक्षा, स्वास्थय, सिंचाई, रोजगार और आधुनिक आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। दतिया को विकास के मामले में प्रदेश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
भाजपा सरकार सांस्कृतिक व धार्मिक विरासत का संरक्षण कर रही है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी सहित कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने भगवान श्रीराम के प्रति भी अपनी आस्था प्रदर्शित नहीं की। सर्वोच्च न्यायालय में हलफनामा देकर भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी अयोध्या में भव्य राम मंदिर में प्रभु श्रीराम के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में भी शामिल नहीं हुए। भाजपा सरकार देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के साथ-साथ चित्रकूट सहित धार्मिक स्थलों के समग्र विकास का कार्य भी भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा जनता के विश्वास के बल पर प्रदेश में विकास की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
भाजपा सरकार ने डाकुओं का अंत करके जनता को सुरक्षा दी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया विधानसभा क्षेत्र के सीतापुर मंडल के उपरायं में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने बुंदेलखंड क्षेत्र से डाकुओं का आतंक खत्म करके यहां के लोगों को सुरक्षा प्रदान की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक झूठे वादों और राजनीति के माध्यम से दतिया सहित पूरे प्रदेश के विकास को रोकने का काम किया। भाजपा सरकार ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। कभी बुंदेलखंड डाकुओं के आतंक के लिए जाना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत कर क्षेत्र को भयमुक्त बनाया। आज पूरा क्षेत्र विकास और निवेश की नई पहचान बन रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार सिंचाई परियोजनाओं, बिजली व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत करेगी। चुनाव के बाद जहां आवश्यकता होगी वहां नए विद्युत फीडर, बिजली लाइन और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि दतिया को विकास के मामले में प्रदेश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल किया जाएगा।
गरीब, किसान, महिला और युवा भाजपा सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीबों को निःशुल्क उपचार मिल रहा है और गंभीर स्थिति में एयर एंबुलेंस जैसी सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश सरकार ग्रामीण परिवहन को मजबूत करने के लिए पुनः बस सेवा शुरू करने की दिशा में कार्य कर रही है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है, गेहूं का समर्थन मूल्य लगातार बढ़ाया गया है और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिया जा रहा है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए भी सरकार अनेक योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के माध्यम से प्रदेश की करोड़ों महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिल रही है। उज्ज्वला योजना से गरीब परिवारों तक गैस कनेक्शन पहुंचे हैं, प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों गरीबों को पक्के घर मिले हैं और 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी व विधायक सतीश उपाध्याय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री एदल सिंह कंषाना, तुलसीराम सिलावट, गौतम टेटवाल, दिलीप अहिरवार, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, उपचुनाव प्रभारी व सांसद भारत सिंह कुशवाह, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व चुनाव अभियान सह प्रमुख रणवीर सिंह रावत, सांसद माया नारोलिया, संध्या राय, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव, पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, पूर्व मंत्री व विधायक ललिता यादव, जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद अशोक अर्गल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

