नर्मदापुरम में सीएम का मेगा शो: 972 करोड़ की सड़क परियोजना सहित सिवनी-मालवा में विकास की सौगात

नर्मदापुरम के सिवनी-मालवा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 972 करोड़ रुपये के सड़क प्रोजेक्ट सहित 100 से अधिक विकास कार्यों की शुरुआत की। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, लाड़ली बहना योजना, किसानों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई अहम घोषणाएं भी की गई।

नर्मदापुरम में सीएम का मेगा शो: 972 करोड़ की सड़क परियोजना सहित सिवनी-मालवा में विकास की सौगात

नर्मदापुरम:मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 16 अप्रैल को नर्मदापुरम जिले के सिवनी-मालवा में कई बड़े विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 972.16 करोड़ रुपये की लागत से नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग के उन्नयन और पुनर्निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया। यह 72.18 किलोमीटर लंबा मार्ग क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा।इसके साथ ही 106.34 करोड़ रुपये के 96 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया गया, जिनमें 45 कार्य 48.65 करोड़ और 51 कार्य 57.69 करोड़ रुपये के शामिल हैं।

रोड शो में भव्य स्वागत

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का रोड शो भी निकला, जहां जनता ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उन पर फूल बरसाए। कार्यक्रम से पहले कन्या पूजन किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा।

महिला सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। 

सीएम बोले- 55 हजार करोड़ रुपए बहनों के खातों में आए

सीएम ने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं के खातों में 55,000 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक हितग्राही महिला के खाते में अब तक लगभग 40 से 50 हजार रुपए पहुंच चुके हैं और यह योजना भविष्य में भी जारी रहेगी।

राम मंदिर और तीन तलाक पर कांग्रेस को घेरा

विपक्ष पर निशाना साधते हुए डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गलत निर्णय लेती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राम मंदिर मामले को विवादित बनाए रखने का प्रयास किया और प्राण प्रतिष्ठा समारोह से भी दूरी बनाए रखी। साथ ही उन्होंने तीन तलाक प्रथा को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की।

कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगा बढ़ावा

इस सड़क परियोजना से इंदौर और उज्जैन जैसे प्रमुख शहरों तक पहुंच आसान होगी, जिससे व्यापार, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं

उन्होंने कहा कि किसानों के लिए गौशालाओं में अनुदान बढ़ाया गया है और सोलर पंप 90 प्रतिशत सब्सिडी पर दिए जा रहे हैं। गेहूं की खरीदी जारी है और उड़द पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा की गई है। साथ ही दूध उत्पादन बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

नई सिंचाई परियोजना से किसानों को लाभ

नर्मदा नदी पर प्रस्तावित नई सिंचाई परियोजना से करीब 40 गांवों के 10 हजार किसानों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही स्कूलों और बुनियादी सुविधाओं के विकास से जुड़ी कई अन्य घोषणाएं भी की गईं।