इंस्टाग्राम लाइव पर आरोपी की पुलिस को चुनौती, बोला- अब खाकी पर चलेगी गोली
जिला बदर का आरोपी बंटा उर्फ अमित सोनी इंस्टाग्राम पर लाइव आकर पुलिस को खुली चुनौती देता नजर आया। आरोपी ने खाकी पर गोली चलाने की धमकी दी, जिसके बाद पुलिस और साइबर सेल उसकी लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
सतना। पुलिस ट्रैक करके दिखाए, मोबाइल चालू है, लोकेशन ओपन है, फिर भी पुलिस तलाश नहीं कर पाएगी। इस बार पूरी तैयारी है, इस बार खाकी पर गोली चलेगी। पुलिस को यह चुनौती एयरफोर्स ऑफिसर के घर पर फायरिंग की वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे जिला बदर के आरोपी ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर दी। धमकी का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर ट्रेंड करता रहा। जिला बदर के आरोपी द्वारा खाकी को खुली चुनौती दिए जाने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस द्वारा संभावित जगहों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है।
लाइव वीडियो में दिख रहे कई साथी
रविवार को सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में जिला बदर का आरोपी बंटा उर्फ अमित सोनी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से लाइव आकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहा है। खाकी पर फायरिंग की बात कह रहा है। वायरल वीडियो में जिला बदर का आरोपी बंटा के अलावा कार में तीन अन्य युवक भी दिख रहे हैं। बंटा और उसके तीनों साथी इंस्टाग्राम पर लाइव आकर दो अन्य युवकों से बातचीत कर रहे हैं। पुलिस द्वारा बंटा के साथ कार में दिख रहे तीन अन्य युवकों के अलावा इंस्टाग्राम लाइव पर बातचीत करने वाले दो अन्य युवकों की पहचान की जा रही है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई है।

हथकड़ी में बनाई थी रील
जिला बदर का आरोपी बंटा के खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह मेडिकल नशे के कारोबार में भी संलिप्त है। एक आपराधिक प्रकरण में बंटा को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। थाने के अंदर बंटा द्वारा एक पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बंटा ने खुलेआम कहा था कि जेल से बाहर आऊंगा तो सबसे पहले तुझे गोली मारूंगा। बंटा को जेल भेजने से पहले मेडिकल के लिए पुलिसकर्मी जिला अस्पताल ले गए थे। जिला अस्पताल में हथकड़ी में बंटा ने मोबाइल से वीडियो बनवाया। हाथ में हथकड़ी लगी रील को बंटा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में पोस्ट किया था। बंटा के इंस्टाग्राम अकाउंट में अवैध हथियार से फायरिंग करने के कई वीडियो हैं। जेल जाने का वीडियो भी बंटा ने अपने अकाउंट में पोस्ट किया था।
प्रतिष्ठा का विषय बनी गिरफ्तारी
एक अदना सा बदमाश खुलेआम सोशल मीडिया में खाकी वर्दी को चुनौती दे रहा है। खाकी पर फायरिंग की बात से खाकी की साख पर बट्टा लगा है। अब बंटा की गिरफ्तारी और उसे सबक सिखाना पुलिस के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि रविवार को वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। जिला बदर का आरोपी बंटा और उसके साथियों की लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी के हर संभावित प्रयास किए जा रहे हैं।
दो आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
बंटा और उसके साथियों ने कोलगवां थाना क्षेत्र के घूरडांग में एयरफोर्स ऑफिसर रामदास के घर में तोड़फोड़ कर पांच राउंड फायरिंग की थी। फायरिंग का लाइव वीडियो सामने आया था। घटना के वक्त रामदास का बेटा हर्ष और उसके दो साथी घर पर थे। हर्ष और बंटा के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। इस मामले में हर्ष की शिकायत पर कोलगवां पुलिस ने बंटा के साथी अंकित सिंह पिता नरेंद्र सिंह और युवराज उर्फ राज सिंह पिता केदार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

