एयरफोर्स अधिकारी के घर फायरिंग मामले में 2 बदमाश गिरफ्तार, मुख्य आरोपी ने दी इंस्टाग्राम पर धमकी
सतना में एयरफोर्स अधिकारी के आवास पर हमला, फरार मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर बंटा समेत अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
सतना। जिले में कोलगवां थाना क्षेत्र के घूरडांग इलाके में शुक्रवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक एयरफोर्स अधिकारी के घर पर पथराव और फायरिंग की घटना हुई। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी बाइक और स्कूटी को भी निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की और कई राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घर में मौजूद थे अधिकारी का बेटे...
जानकारी के अनुसार एयरफोर्स अधिकारी रामराज सिंह वर्तमान में अपनी पत्नी के साथ अहमदाबाद में पदस्थ हैं, जबकि उनका बेटा हर्ष घूरडांग स्थित आवास में रहता है। घटना के समय हर्ष अपने दोस्तों पंकज तिवारी और यशराज त्रिपाठी के साथ घर के अंदर कैरम खेल रहा था। तभी बाहर से किसी ने उसे आवाज देकर बुलाया। जैसे ही तीनों युवक बाहर निकले, उन पर हमला शुरू कर दिया गया।
पथराव के बाद की गई फायरिंग...
हमलावरों ने पहले पथराव किया, जिससे घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। इसके बाद हिस्ट्रीशीटर बंटा उर्फ अमित सोनी और उसके साथियों ने अवैध हथियार से लगातार पांच राउंड फायरिंग की। इस दौरान हर्ष के पैर में गोली या चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार...
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोलगवां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंकित सिंह और युवराज सिंह उर्फ राज सिंह के रूप में हुई है, जिन्हें अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
फरार मुख्य आरोपी पर गंभीर आरोप...
पुलिस के अनुसार इस वारदात का मुख्य आरोपी बंटा उर्फ अमित सोनी है, जो बाल्मीक कॉलोनी का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है। आरोप है कि वह अवैध हथियारों और नशीली कफ सिरप के कारोबार में संलिप्त है और उसके साथ जुड़े लोग भी आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, छापेमारी जारी...
सतना में एयरफोर्स आफिसर के घर फायरिंग करने वाले फरार जिलाबदर आरोपी अमित सोनी उर्फ बंटा ने इंस्टाग्राम में लाइव धमकी दी, जिसका वीडियो सामने आया है। वीडियो में फरार आरोपी कह रहा है कि ट्रैक करे पुलिस, फुल तैयारी इस बार खाखी के ऊपर ही होगी फायरिंग।

फिलहाल, पुलिस ने इस पूरे मामले में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं मुख्य आरोपी बंटा और उसके एक अन्य साथी अमर सिंह अकौना की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Varsha Shrivastava 
