इंदौर में यातायात नियम उल्लंघन पर बड़ा एक्शन, 480 मामलों में कार्रवाई के बाद 342 लाइसेंस सस्पेंड

बार-बार नियम तोड़ने वालों पर इंदौर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, 342 ड्राइविंग लाइसेंस किए निलंबित

इंदौर में यातायात नियम उल्लंघन पर बड़ा एक्शन, 480 मामलों में कार्रवाई के बाद 342 लाइसेंस सस्पेंड

इंदौर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। पुलिस ने साफ किया है कि जो भी चालक लगातार यातायात नियमों का पालन नहीं करेगा, उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करना भी शामिल है।

342 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यदि कोई वाहन चालक तीन या उससे अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ आरटीओ के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है। इस अभियान में हेलमेट नहीं पहनना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करना, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाना और गलत पार्किंग जैसे गंभीर उल्लंघनों को शामिल किया गया है।

पिछले एक महीने के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे 480 वाहन चालकों के मामलों को आरटीओ को भेजा था, जिनमें नियमों का बार-बार उल्लंघन पाया गया था। इन मामलों की जांच के बाद अब तक 342 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से की जा रही है।

पुलिस का कहना अभियान आगे भी ऐसे जारी रहेंगे

पुलिस ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि शहर में यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाया जा सके। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

इसके अलावा आम नागरिकों और अभिभावकों से यातायात नियमों का पालन करने सहित बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने की अपील की गई है।