तेजस्वी सूर्या, अनुराग ठाकुर, राघव चड्ढा को नहीं मिली संगठन में जगह, क्या मंत्रीमंडल में होंगे एडजस्ट?
BJP की नई टीम के ऐलान के बाद अनुराग ठाकुर, राघव चड्ढा और तेजस्वी सूर्या के अगले राजनीतिक रोल को लेकर चर्चा तेज है. क्या मोदी कैबिनेट में होगा फेरबदल?
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है. नई टीम में कई पुराने चेहरे और युवाओं को भी जिम्मेदारी मिली है. लेकिन कुछ ऐसे जिन्हें माना जा रहा था कि वो नीतिन नवीन की टीम में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है, लेकिन उनका नाम इस लिस्ट में नहीं होने से, अब एक नई कवायद शुरू हो गई है. कि इन्हें मंत्रीमंडल में शामिल किया जा सकता है. बो नाम हैं अनुराग ठाकुर, राघव चड्ढा और तेजस्वी सूर्या.
बीजेपी की नई टीम को 2027 के विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनावों की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है. संगठन में हुए बदलाव के बाद अब मोदी सरकार में संभावित कैबिनेट फेरबदल की चर्चा भी तेज हो गई है. हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से कैबिनेट विस्तार को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है.
51 नए चेहरे टीम में शामिल
नितिन नवीन की नई टीम में 51 नए चेहरों को जगह दी गई है, जबकि 14 नेताओं को दोबारा जिम्मेदारी मिली है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को एक बार फिर पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं कई ऐसे नेताओं को संगठन में जगह नहीं मिली, जिनकी पार्टी के भीतर महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे तेजस्वी सूर्या की जगह वडोदरा के सांसद डॉ. हेमांग जोशी को नया अध्यक्ष बनाया गया है. वहीं हिमाचल प्रदेश से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी नई राष्ट्रीय टीम का हिस्सा नहीं हैं.अनुराग ठाकुर के लिए क्या है अगला रोल?
अनुराग ठाकुर पहले केंद्र सरकार में सूचना और प्रसारण और खेल मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. संगठन में जगह नहीं मिलने के बाद अब उनके नाम को संभावित कैबिनेट विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है. हिमाचल प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी उनके प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव का इस्तेमाल सरकार में किसी अहम जिम्मेदारी के जरिए कर सकती है. हालांकि, यह फिलहाल राजनीतिक अटकलें हैं और उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
राघव चड्ढा को लेकर भी चर्चा
आम आदमी पार्टी से बीजेपी में आए सांसद राघव चड्ढा को भी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह नहीं मिली है. पंजाब की राजनीति को देखते हुए उनके नाम की भी संभावित कैबिनेट फेरबदल के संदर्भ में चर्चा हो रही है.
पंजाब से जुड़े राजनीतिक समीकरणों और युवा चेहरे के तौर पर उनकी पहचान को देखते हुए अटकलें हैं कि पार्टी उन्हें केंद्र सरकार में जिम्मेदारी दे सकती है. हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है.
तेजस्वी सूर्या की संगठन से सरकार तक एंट्री?
बेंगलुरु दक्षिण से सांसद तेजस्वी सूर्या का बीजेपी युवा मोर्चा अध्यक्ष के तौर पर कार्यकाल पूरा हो चुका है. उनकी जगह अब डॉ. हेमांग जोशी को जिम्मेदारी दी गई है.
संगठन से हटने के बाद तेजस्वी सूर्या को लेकर भी चर्चा है कि उन्हें केंद्र सरकार में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी मिल सकती है. कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी उनके युवा चेहरे और आक्रामक राजनीतिक शैली का इस्तेमाल किसी बड़ी भूमिका में कर सकती है.
कई मंत्रियों की जिम्मेदारियां बदलीं
बीजेपी संगठन में हुए बदलाव का असर केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल पर भी पड़ सकता है. कुछ मौजूदा मंत्रियों को संगठन में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं. केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली बीजेपी और पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश बीजेपी की कमान सौंपी गई है. वहीं पीयूष गोयल को पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया गया है.
इसके अलावा रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन के मंत्री पद से बाहर होने के बाद केंद्र में कुछ पद पहले से खाली हैं. धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्रालय से हटने के बाद प्रह्लाद जोशी को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
क्या जल्द होगा मोदी कैबिनेट में फेरबदल?
बीजेपी संगठन में बदलाव के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मोदी सरकार में भी जल्द कैबिनेट विस्तार या फेरबदल होगा. केंद्रीय मंत्री रामदाल आठवले ने बी हाल ही में मंत्रिमंडल में फेरबदल जल्द होने की बात कही है. हालांकि, उनका बयान उनकी निजी राय है और इसे सरकार का आधिकारिक संकेत नहीं माना जा सकता.
फिलहाल अनुराग ठाकुर, राघव चड्ढा और तेजस्वी सूर्या के नाम संभावित नए राजनीतिक रोल को लेकर चर्चा में हैं. लेकिन इन नेताओं को मोदी कैबिनेट में जगह मिलेगी या नहीं, यह अभी सिर्फ अटकल है. आने वाले दिनों में सरकार और बीजेपी नेतृत्व के फैसले से तस्वीर साफ हो सकती है.

