अजित पवार पंचतत्व में विलीन: बेटे पार्थ और जय ने दी मुखाग्नि, शाह-गडकरी मौजूद रहे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र समेत देशभर में शोक की लहर है। अजित पवार के निधन से उनके समर्थकों को भी गहरा सदमा पहुंचा है।
मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती के विद्या प्रतिष्ठान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अजित पवार को उनके दोनों बेटे पार्थ और जय ने मुखाग्नि दी। इस दौरान अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार, चाचा शरद पवार, सुप्रिया सुले विद्या प्रतिष्ठान में मौजूद रहे।
अजित पवार के अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे समेत महाराष्ट्र सरकार का पूरा मंत्रिमंडल शामिल हुआ है। अजित पवार के अंतिम संस्कार में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हुए। पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे भी पहुंचे।
अजित पवार की अंतिम यात्रा उनके पैतृक गांव बारामती के काटेवाड़ी से विद्या प्रतिष्ठान तक निकाली गई। अजित पवार को अंतिम विदाई देने के लिए पूरा जन सैलाब उमड़ पड़ा है। इस दौरान समर्थकों ने अजित दादा अमर रहे के नारे लगाए। अजित पवार के निधन से उनके समर्थकों को भी गहरा सदमा पहुंचा है। पवार के निधन के बाद पूरे महाराष्ट्र में तीन दिन का राजकीय शोक रखा गया है। इसके पहले उनके पैतृक गांव में परिवार के सदस्य और पार्टी के नेता-कार्यकर्ता और अन्य लोगों ने उनके अंतिम दर्शन कर नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित दी।
28 जनवरी को बारामती में प्लेन क्रैश के कारण उनका निधन हो गया था। इस हादसे में अजित पवार समेत कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट शांभवी पाठक, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली और पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर विदीप जाधव की मौत हो गई थी। बारामती में चुनाव प्रचार करने पहुंचे अजित पवार का विमान लैंडिंग के दौरान 2 हिस्सों में बंट गया और देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गया।
pushpendra 
