Ujjain Hotel Accident: वेस्टेज चैंबर की सफाई करने उतरे 4 कर्मचारियों की मौत, जहरीली गैस बनी वजह
उज्जैन के होटल श्री गंगा में वेस्टेज चैंबर की सफाई करने उतरे चार कर्मचारियों की जहरीली गैस से मौत। कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे, हादसे की जांच जारी।
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। देवास रोड स्थित होटल श्री गंगा के वेस्टेज चैंबर की सफाई करने उतरे चार कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चैंबर में जमा जहरीली गैस की चपेट में आने से कर्मचारी बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक बचाव अभियान चलाया गया।
सफाई के लिए चैंबर में उतरे थे कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक, होटल के परिसर में मिष्ठान, डेयरी उत्पाद और खाद्य सामग्री से निकलने वाले कचरे के लिए वेस्टेज चैंबर बनाया गया है। शनिवार रात करीब 10:30 बजे कर्मचारी इसकी सफाई करने के लिए अंदर उतरे थे। इसी दौरान चैंबर में जमा कचरे से निकली जहरीली गैस की चपेट में आने से उनकी हालत बिगड़ गई। देखते ही देखते चारों कर्मचारी अंदर फंस गए।
बचाने पहुंचे अन्य कर्मचारी भी गैस की चपेट में आए
चार कर्मचारियों के चैंबर में फंसने की जानकारी मिलते ही होटल के अन्य कर्मचारी उन्हें बचाने पहुंचे। इस दौरान कुछ अन्य लोग भी गैस के प्रभाव में आकर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इलेक्ट्रिक कटर से काटना पड़ा चैंबर
घटना की सूचना पर पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। चैंबर संकरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानी आई। इसके बाद इलेक्ट्रिक कटर की मदद से चैंबर का एक हिस्सा काटकर अंदर फंसे कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों और बचाव दल ने कर्मचारियों को सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन चारों की जान नहीं बचाई जा सकी।
VIDEO | Madhya Pradesh: Four die of suffocation while cleaning hotel chamber, two others fall ill during rescue attempt in Ujjain. (Full video available on PTI Videos - https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/07DLSJRdxm
— Press Trust of India (@PTI_News) November 1, 2026
हादसे में इन चार कर्मचारियों की मौत
इस हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों की पहचान कमलेश पिता सोहनलाल और नितिन पिता ताराचंद, दोनों निवासी वाल्मीकि नगर उज्जैन, वाहिद निवासी सोमवरिया उज्जैन और मनोज मीणा निवासी झालावाड़, राजस्थान के रूप में हुई है।
कलेक्टर और एसपी ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
हादसे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने चैंबर के आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि सफाई के दौरान कर्मचारियों के लिए सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं। साथ ही होटल प्रबंधन की ओर से किसी तरह की लापरवाही बरते जाने के पहलू की भी जांच की जा रही है।
एक होटल परिसर में , वहां खाने के कचरे के लिए एक टैंक बना हुआ है। दो लोग शायद सफाई करने उसमें उतरे थे जो उसमें बेहोश हो गये। उन्हें बचाने की कोशिश में दो और लोग उस टैंक में उतर गए वो भी वहां collapse हो गये। कुल मिलाकर चार लोगों की जान जाने की खबर है। : रौशन कुमार सिंह DM Ujjain https://t.co/dNoZ8OAPnK
— Alok (@alokdubey1408) October 31, 2026

