ग्वालियर हादसा : सीएम डॉ. मोहन यादव ने की घायलों से मुलाकात, फ्री इलाज और देखभाल के दिए निर्देश
CM meets Gwalior Accident Victims : सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। आवश्यकता पड़ने पर एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी, लेकिन घायलों को बेहतर उपचार मिले।
CM meets Gwalior Accident Victims : ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 अक्टूबर को ग्वालियर पहुंचे। उन्होंने ट्रक हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं से ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में मुलाकात की। सीएम डॉ. यादव ने उनके स्वास्थ्य और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संबंधित डॉक्टरों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को गुणवत्तापूर्ण और फ्री इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने, मरीजों के समुचित उपचार और देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए।

सरकार ने दिए जांच के आदेश
घायलों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से कहा कि बीती रात एक घटना घटी थी। हम उस घटना में घायल हुए लोगों से मिलने यहां आए हैं । हम घायलों को बेहतर चिकित्सा दिलाने के लिए तत्पर हैं। और घटना की जांच के हमने निर्देश दे दिए हैं। हर व्यक्ति की चिंता करने का काम सरकार का है। सरकार सभी लोगों के साथ खड़ी है। इस घटना के दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज कराना
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। आवश्यकता पड़ने पर एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी, लेकिन घायलों को हर संभव बेहतर उपचार मिले, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। चिकित्सकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिकांश घायलों की स्थिति में पहले की तुलना में सुधार है। हालांकि, एक-दो गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।



