संत रविदास जी के विचार समाज को एकता और सद्भाव की दिशा दिखाते हैं: नरेंद्र सिंह तोमर
रविदास जयंती पर समरसता संकल्प अभियान और यात्रा में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर
मुरैना। संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर अंबेडकर पार्क, सिंघलवस्ती, मुरैना में ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर शामिल हुए और संत रविदास जी के समतामूलक एवं सामाजिक समरसता के संदेश को नमन किया।

इस अवसर पर नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समानता, प्रेम, भाईचारे और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। उनके विचार सदैव समाज को एकता, सद्भाव और सामाजिक समरसता की दिशा में मार्गदर्शन देते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और संदेश के माध्यम से समाज में व्याप्त भेदभाव को दूर करने तथा समानता और मानवता की स्थापना का मार्ग दिखाया। उनका संदेश आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है और समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

नरेंद्र सिंह तोमर ने संत रविदास महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए लोगों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

Varsha Shrivastava 
