NHRC ने अपने आदेश से फुटपाथ दुकानदारों को खुश कर दिया, बोला- बेवजह दुकानें नहीं हटा सकेंगे
NHRC ने नवरात्रि, दिवाली और छठ के दौरान लोकल वेंडर्स, हॉकर और कुम्हारों को बेवजह हटाने पर रोक के निर्देश दिए हैं. सुरक्षा के लिए हटाने पर वैकल्पिक जगह देनी होगी.
सुरक्षा के लिए हटाना जरूरी हो तो वैकल्पिक जगह देनी होगी
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस या अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही में बाधा के कारण किसी स्थान को खाली कराना जरूरी हो, तो दुकानदारों को सीधे हटाने के बजाय उनके लिए उपयुक्त वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की जाए.
निर्देशों में स्थानीय मिट्टी के बर्तन विक्रेताओं, फुटपाथ व्यापारियों, फेरीवालों, कुम्हारों, छोटे मिठाई विक्रेताओं, माली, सब्जी विक्रेताओं और रंगोली रंग बेचने वालों जैसे छोटे कारोबारियों की सुविधाओं का ध्यान रखने की बात कही गई है.

सामान जब्त करने और वसूली पर भी रोक
NHRC ने अधिकारियों से कहा है कि त्योहारों के दौरान दुकानदारों के साथ ऐसा व्यवहार न किया जाए जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी हो. कार्रवाई की स्थिति में सामान जब्त करने और मनमानी वसूली जैसे कदमों से भी बचने के निर्देश दिए गए हैं.
आयोग ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों से इस संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट 18 अक्टूबर तक मांगी है.
यानी इस दिवाली फुटपाथ पर दीये, मिट्टी के बर्तन, रंगोली और अन्य सामान बेचने वाले छोटे दुकानदारों को प्रशासन की कार्रवाई से राहत मिलने की उम्मीद है.

