मुंबई: भांडुप में बस ने 13 लोगों को कुचला, हादसे में 4 की मौत, 9 लोग घायल

मुंबई के भांडुप में रेलवे स्टेशन के बाहर सोमवार देर रात एक बस ने 13 पैदल यात्रियों को कुचल दिया। हादसे में 3 महिला सहित 4 लोगों की मौत हो गई। 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मुंबई: भांडुप में बस ने 13 लोगों को कुचला, हादसे में 4 की मौत, 9 लोग घायल
Mumbai Bhandup BEST Bus Accident

मुंबई। भांडुप में रेलवे स्टेशन के पास सोमवार देर रात एक भयानक सड़क हादसा हुआ। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) की एक बस रिवर्स करते समय बेकाबू हो गई और सड़क पर खड़े लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन महिलाएं समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हादसा रात 9:35 बजे हुआ। घटना के तुरंत बाद मौके पर एम्बुलेंस, मुंबई फायर ब्रिगेड और BEST की टीम पहुंची। घायल लोगों को तुरंत राजावाड़ी और एम.टी. अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना भी है। इस दौरान बस ने एक बिजली के खंभे को भी टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताए खौफनाक दृश्य

मौके पर मौजूद फार्मासिस्ट सैमिनी मुदलियार ने बताया कि वह पास के बस स्टॉप पर अपनी बस का इंतजार कर रही थीं। तभी अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। उन्होंने देखा कि लोग बस के नीचे कुचले जा रहे थे और कुछ लोग बस के टकराने से उछलकर गिर रहे थे। मुदलियार ने कहा कि कई लोग गंभीर रूप से घायल थे और एक व्यक्ति का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था।

फुटपाथ पर अतिक्रमण भी हादसे का कारण

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे के पीछे फुटपाथ पर अतिक्रमण एक बड़ी वजह है। सड़क पर जगह न होने के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पर चलना पड़ा, जिससे यह हादसा हुआ। उनका कहना था कि यह इलाका हमेशा भीड़भाड़ वाला रहता है और यहां सब्जी मंडी की वजह से भीड़ और बढ़ जाती है। भीड़भाड़ के कारण बसों को यू-टर्न लेने में कठिनाई होती है, जिससे इस तरह की दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

बस चालक हिरासत में, जांच शुरू

मुंबई पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लिया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। हादसे में शामिल बस ‘वेट लीज’ मॉडल की थी और ऑलेक्ट्रा ग्रीनटेक कंपनी से ली गई थी। हादसे की पूरी जांच के बाद ही असली कारण का पता चलेगा।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को सहायता की घोषणा की

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

BEST बसों की कमी और परिचालन की चुनौतियां

BEST मुंबई में सार्वजनिक परिवहन का एक प्रमुख साधन है। शहर और उपनगरों को जोड़ने वाली इसकी बस सेवा में करीब 2,700 से 3,200 बसें शामिल हैं। भांडुप स्टेशन से संजय गांधी नेशनल पार्क तक घनी आबादी वाले रास्तों पर इस साल की शुरुआत में मिनी बसों को हटा दिया गया था। बसों की कमी के कारण BEST ने सीमित टर्निंग रेडियस जैसी परिचालन समस्याओं के बावजूद भांडुप स्टेशन के रूट्स पर ऑलेक्ट्रा की मिडी बसें शुरू की थीं। मुंबई पुलिस और BEST अधिकारी इस हादसे की पूरी जांच कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।