सालों- साल चलेंगे चावल: इन तरीकों को अपनाकर बढ़ाएं चावल की सेहत

HOW TO STORE RICE: छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर चावल को सुरक्षित तरीके से स्टॉक किया जा सकता है। इससे चावल की खुशबू, स्वाद और बनावट सही बनी रहेगी।

सालों- साल चलेंगे चावल: इन तरीकों को अपनाकर बढ़ाएं चावल की सेहत

HOW TO STORE RICE : चावल भारतीय खाने का अहम हिस्सा है। शायद ही कोई ऐसा घर हो, जहां आपको चावल न मिले। रोज की खाने की थाली हो, पुलाव बनाना हो या अचानक मेहमान आ जाएं और जल्दी कुछ बनाना हो, तो चावल पहली पसंद होते हैं। इसलिए अक्सर लोग चावल को इकट्ठा खरीदकर स्टॉक में रखते हैं। लेकिन सिर्फ चावल को खरीदना ही काफी नहीं है, चावल की सही तरह से देखरेख भी जरूरी है, ताकि उसे नमी, कीड़ों (घुन) और बदबू से सुरक्षित रखा जा सके।

इसके लिए छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर चावल को सुरक्षित तरीके से स्टॉक किया जा सकता है। इससे चावल की खुशबू, स्वाद और बनावट सही बनी रहेगी।

चावल को एयरटाइट डिब्बे में रखें

चावल को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए हमेशा अच्छी तरह बंद होने वाले, साफ और सूखे डिब्बे में स्टोर करें, जिससे चावल में नमी न पहुंचे। दरअसल, नमी के कारण चावल खराब हो सकते हैं और उनमें कीड़े लगने का डर भी बना रहता है। इसलिए चावल को रखने के लिए फूड-ग्रेड प्लास्टिक का डिब्बा, स्टील का कंटेनर या एयरटाइट ढक्कन वाला कांच का जार इस्तेमाल करें।

नमी से चावल को बचाएं

चावल के खराब होने में नमी का बड़ा रोल होता है। थोड़ी भी नमी चावल को खराब कर सकती है। हमेशा याद रखें कि चावल को गीले हाथों से न निकालें। जिस डिब्बे में आप चावल रखते हैं, वह भी सूखा होना चाहिए। इसी के साथ चावल का डिब्बा या जार, जिसमें चावल रखा है, उसे नमी और सीलन वाली दीवार के पास न रखें। चावल में थोड़ी-सी भी नमी जाने से वे खराब हो सकते हैं।

गर्माहट से करें बचाव

चावल को ऐसी किसी जगह पर न रखें, जो सीधे धूप के संपर्क में आती हो। गैस चूल्हे, ओवन या ऐसी खिड़की के पास न रखें, जहां तेज धूप आती हो। चावल को सूखी और साफ जगह पर ही रखें, क्योंकि लगातार गर्मी के संपर्क में रहने से चावल की खुशबू और क्वालिटी धीरे-धीरे प्रभावित हो सकती है।

घरेलू नुस्खे आएंगे काम

चावल में कीड़े पड़ना एक आम समस्या है। चावल को लंबे समय तक सही तरीके से स्टोर न किया जाए, तो वे खराब हो सकते हैं। कुछ घरों में चावल के आसपास सूखी नीम की पत्तियां या तेजपत्ता रखने का घरेलू तरीका अपनाया जाता है। इन्हें कीड़ों से बचाव के लिए इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, इन्हें चावल में मिलाने के बजाय कंटेनर में अलग रखना बेहतर है।

इसके अलावा, एक पोटली बनाकर भी चावल में रख सकते हैं। इसके लिए आधा ढक्कन हल्दी, 10 से 12 काली मिर्च, 5-7 लौंग और आधा चम्मच चीनी को एक टिश्यू पेपर या पतले सूती कपड़े में रखकर टेप या धागे से पोटली बांध लें। इसे चावल के डिब्बे में डाल दें। इससे चावल खराब होने से बच सकते हैं।

खुशबू वाली चीजों से रखें दूर

चावल आसपास मौजूद तेज गंध को सोख सकता है। इसलिए इसे मसालों, डिटर्जेंट, सफाई के केमिकल, प्याज या लहसुन जैसी तेज गंध वाली चीजों के बिल्कुल पास रखने से बचें। चावल को अलग और साफ जगह पर रखने से उसकी प्राकृतिक खुशबू और स्वाद बेहतर तरीके से बना रहता है।

नए-पुराने चावल को मिक्स न करें

नए चावलों को अलग रखें। उन्हें पुराने चावल के डिब्बे में न मिलाएं। पहले पुराने चावल को खत्म करें, उसके बाद डिब्बे को साफ करके सुखाएं और फिर उसमें नए चावल भरें। इससे पुराने स्टॉक से नए चावल में नमी या किसी तरह की गंदगी पहुंचने की संभावना कम होती है।

साथ ही, अगर नए चावल को स्टॉक करने के लिए पर्याप्त जगह है, तभी खरीदें। वरना पहले पुराने चावल को खत्म करें और उसके बाद नए खरीदें। अगर घर में चावल कम इस्तेमाल होता है, तो बहुत ज्यादा मात्रा में खरीदने के बजाय जरूरत के हिसाब से खरीदना बेहतर है। वहीं, जिन घरों में रोज चावल बनता है, वहां ज्यादा मात्रा में खरीदकर एयरटाइट कंटेनर में स्टोर किया जा सकता है। इससे बार-बार खरीदारी करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

समय-समय पर हो जांच

चावल को समय-समय पर जांचते रहें। डिब्बे के अंदर नमी, अजीब गंध, चावल के दाने आपस में चिपके हुए या कीड़े दिखाई दें, तो इसे नजरअंदाज न करें। सही स्टोरेज से चावल की शेल्फ लाइफ काफी बढ़ाई जा सकती है, खासकर सूखे सफेद चावल की। लेकिन किसी भी चावल को सालों तक रखने के लिए सिर्फ डिब्बा बंद करना ही काफी नहीं है। तापमान, नमी और स्टोरेज की साफ-सफाई का भी ध्यान रखना जरूरी है।