करेला खाने में लगता है कड़वा? इन आसान टिप्स को अपनाने से बदल जाएगा स्वाद
करेला सेहत के लिए फायदेमंद है, लेकिन इसकी कड़वाहट कई लोगों को पसंद नहीं आती। इसकी कड़वाहट कम करने के लिए कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप इसका स्वाद ठीक कर सकते हैं।
करेला स्वाद में भले ही कड़वा हो, लेकिन सेहत के लिए इसे किसी सुपरफूड से कम नहीं माना जाता। डायबिटीज कंट्रोल करने से लेकर पाचन बेहतर बनाने तक करेला के कई फायदे हैं। लेकिन, इसकी कड़वाहट की वजह से कई लोग इसे खाने से बचते हैं।

दरअसल, करेले में मौजूद नेचुरल तत्व इसकी कड़वाहट के लिए जिम्मेदार होते हैं। अच्छी बात ये है कि कुछ आसान किचन टिप्स अपनाकर इसकी कड़वाहट काफी हद तक कम की जा सकती है।
नमक लगाकर छोड़ दें
करेले की कड़वाहट कम करने के लिए नमक वाला तरीका सबसे पुराना और असरदार माना जाता है। इसके लिए सबसे पहले करेले को पतले टुकड़ों में काट लें और उस पर अच्छी मात्रा में नमक लगाकर करीब 20 से 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इस दौरान करेले का कड़वा रस बाहर निकलने लगता है। बाद में करेले को हल्के हाथों से निचोड़कर पानी से धो लें। ऐसा करने से उसकी कड़वाहट काफी हद तक कम हो जाती है और सब्जी का स्वाद ज्यादा बेहतर लगता है।

बीज और सफेद हिस्सा निकाल दें
करेले की कड़वाहट कम करने के लिए उसका अंदरूनी सफेद हिस्सा और बड़े बीज निकाल देना भी बेहद असरदार तरीका माना जाता है। दरअसल, करेले के अंदर मौजूद सफेद भाग और सख्त बीज सबसे ज्यादा कड़वे होते हैं। इसलिए करेला काटने के बाद चम्मच की मदद से उसके अंदर का सफेद हिस्सा धीरे-धीरे निकाल दें। अगर बीज बड़े और सख्त हों, तो उन्हें भी हटा देना बेहतर रहता है। ऐसा करने से करेले की कड़वाहट काफी हद तक कम हो जाती है और सब्जी का स्वाद ज्यादा हल्का, स्वादिष्ट और खाने में बेहतर लगने लगता है।

मसालों और प्याज का सही इस्तेमाल करें
करेले की सब्जी में सही मसालों और प्याज का इस्तेमाल करने से उसका स्वाद पूरी तरह बदल सकता है। अगर सब्जी में ज्यादा मात्रा में प्याज, टमाटर, सौंफ, अमचूर पाउडर और थोड़ा-सा गुड़ या चीनी डाली जाए, तो करेले की कड़वाहट काफी हद तक बैलेंस हो जाती है। ये चीजें न सिर्फ स्वाद को बेहतर बनाती हैं, बल्कि सब्जी को ज्यादा टेस्टी और खाने में मजेदार भी बना देती हैं।
Varsha Shrivastava 
