राजस्थान: नागौर में बारूद के गोदाम में भीषण धमाका, 2 युवक जिंदा जले

नागौर में बारूद बनाते समय ब्लास्ट, आधा किलोमीटर दूर आवाज सुनाई दी, 100 फीट के दायरे में तबाही: मकानों में दरारें, गाड़ियों के शीशे टूटे, घरों को पहुंचा नुकसान

राजस्थान: नागौर में बारूद के गोदाम में भीषण धमाका, 2 युवक जिंदा जले

राजस्थान के नागौर में गुरुवार सुबह बारूद के गोदाम में जोरदार धमाका हो गया। बड़ली क्षेत्र में सुबह करीब 9:40 बजे हुए इस ब्लास्ट में दो युवकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोदाम में पोटेशियम नाइट्रेट मिलाकर बारूद तैयार किया जाता था। गोदाम मालिक का नाम अमीन बताया जा रहा है। हालांकि, विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। गोदाम में हादसे के वक्त कितने मजदूर मौजूद थे, इसका भी पता लगाया जा रहा है।

चचेरे भाइयों की मौके पर मौत

हादसे में जान गंवाने दोनों युवक चचेरे भाई थे। युवकों के नाम मुजिद सौरगर (32) और मोहम्मद आमिर सौरगर (28) बताए गए हैं। वे नागौर शहर के बाजरवाड़ा इलाके के रहने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद रिजवान अंसारी ने बताया कि फैक्ट्री में पोटाश का धमाका हुआ था। धमाका इतना तेज था कि छत से पट्टी भी गिर गई।

100 फीट के दायरे में मकानों को नुकसान

धमाका इतना शक्तिशाली था कि गोदाम के आसपास करीब 100 फीट के दायरे में भारी नुकसान हुआ। घटनास्थल से लगभग 100 फीट दूर खड़ी एक बस के सभी शीशे टूट गए। आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं और कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। विस्फोट के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

गोदाम में पटाखों का स्टॉक भी मिला

जानकारी के अनुसार, गोदाम के एक हिस्से में तैयार पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि गोदाम मालिक के पास पटाखों का स्थायी लाइसेंस है। हालांकि, लाइसेंस के तहत कितने पटाखे रखने की अनुमति थी और घटनास्थल पर पोटेशियम नाइट्रेट और पटाखों की कितनी मात्रा मौजूद थी, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है।