राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका: पटरी के नीचे बने गड्ढे; 4 ट्रेनें रद्द
श्रीगंगानगर के अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर देर रात धमाका हुआ। पटरी के नीचे सीमेंट ब्लॉक टूटे, चार ट्रेनें रद्द। ATS, IB और CID जांच में जुटीं।
Rajasthan Railway Track Blast : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर मंगलवार देर रात विस्फोट की घटना से हड़कंप मच गया। घटना मंगलवार रात करीब 9:45 बजे रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के 50 जीबी गांव के पास हुई। धमाके की आवाज आसपास के इलाके में काफी दूर तक सुनाई दी। इसके बाद ग्रामीणों ने रेलवे लाइन के पास पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
त्यौहारी सीजन में पटरी ब्लास्ट करने की किसकी साजिश ट्रेन गुजर जाने के बाद हुआ ब्लास्ट अनूपगढ़ सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुआ ब्लास्ट भारत पाक सीमा भी नजदीक पंजाब से लगता हुआ जिला है गंगानगर अब इस रूट की सभी ट्रेनों को किया गया रद्द https://t.co/WlCt6vvO0Q
— Amardeep Sharma (@AmarTvMedia) November 4, 2026
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विस्फोट के कारण रेलवे पटरी के नीचे लगाए गए सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह टूट गए। वहीं, पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना से करीब 45 मिनट पहले ही इस ट्रैक से पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ATS, IB और CID समेत सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। घटना के बाद इस रेलमार्ग पर यातायात रोक दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
ट्रेन गुजरने के करीब 45 मिनट बाद हुआ धमाका
रामसिंहपुर थाना पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ की ओर पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई थी। यह ट्रेन रात करीब 9 बजे 50 जीबी गांव के आसपास से गुजरी। इसके लगभग 45 मिनट बाद रात 9:45 बजे रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ।
आवाज सुनकर करीब 200 मीटर दूर स्थित ढाणी में रहने वाले ग्रामीण घटनास्थल की ओर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना के बाद रात करीब 11 बजे पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद रेलवे अधिकारियों के साथ जांच एजेंसियों को भी बुलाया गया।
ATS, IB और CID ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद खुफिया ब्यूरो (IB), CID और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की टीमें मौके पर पहुंचीं। रात करीब 2 बजे IB और CID की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके कुछ देर बाद ATS के एडिशनल एसपी सुरेंद्र कुमार भी वहां पहुंचे।
FSL की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि धमाके की प्रकृति क्या थी और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है।
श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर के मुताबिक, धमाके की तीव्रता और रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।
रेलवे ट्रैक प्रभावित, चार ट्रेनें रद्द
रेलवे लाइन को हुए नुकसान के बाद सुरक्षा के मद्देनजर इस रूट पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। बुधवार को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रूट पर चलने वाली चार ट्रेनों को रद्द किया गया। ट्रैक की जांच और मरम्मत के बाद ही रेल यातायात सामान्य करने का फैसला लिया जाएगा।
अक्टूबर में सीमा क्षेत्र से मिला था RDX और हथियारों का जखीरा
गौरतलब है कि श्रीगंगानगर का इलाका पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित है। अक्टूबर में जिले के रावला मंडी क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की थी।
इस कार्रवाई में 7.750 किलोग्राम RDX, दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन, करीब 867 कारतूस, पांच बैटरी और दो रिमोट बरामद किए गए थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हथियार और विस्फोटक पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए गिराए गए थे। पिस्टल पर 'Made in Turkey' लिखा मिला था।
हालांकि, रेलवे ट्रैक पर हुए ताजा धमाके को अक्टूबर में हुई इस बरामदगी से जोड़ने की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही हैं।

