नेपाल में बड़ा हादसा: लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक की मौत, एक घायल

नेपाल के सोलुखुंबु में फेरिचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के दो हेलीकॉप्टर टकरा गए। हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत और एक व्यक्ति घायल हुआ।

नेपाल में बड़ा हादसा: लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक की मौत, एक घायल

Nepal Helicopter Collision : नेपाल के सोलुखुंबु जिले में मंगलवार सुबह बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां फेरिचे हेलिपैड पर उतरने के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड का एक भारतीय मूल का नागरिक घायल हो गया। दोनों हेलिकॉप्टर के पायलट भी जख्मी हुए हैं।

लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरिचे हेलिपैड पर हुआ। यहां फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर लैंडिंग कर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर आपस में टकरा गए, जिससे दुर्घटना हो गई।

एक विदेशी नागरिक की मौत, एक घायल

जिला पुलिस कार्यालय सोलुखुंबु के अनुसार, शटेल एयर के हेलिकॉप्टर में सवार भारतीय पर्यटक वसंत कुमार बालारामारामाडु की मौत हो गई। इसी हेलिकॉप्टर में सवार न्यूजीलैंड के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल घायल हुए हैं। वे भारतीय मूल के हैं। घायल शैलेश को प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से लुकला ले जाया गया, जहां उसे शुरुआती इलाज के लिए पहुंचाया गया। 

हादसे की जांच में जुटी एजेंसियां

नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAN) ने भी हेलीकॉप्टरों के रोटर टकराने की शुरुआती जानकारी की पुष्टि की है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विमानन एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।