दिवाली से पहले पुराने भोपाल में बड़ी कार्रवाई: तीन दुकानों से 6.18 लाख रुपये के पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त
पुराने भोपाल के बाजारों में पुलिस की कार्रवाई, करीब 6 लाख 18 हजार रुपये की विस्फोटक सामग्री और पटाखे जब्त।
भोपाल। दिवाली के त्योहार से पहले पुराने भोपाल के बाजारों में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भीड़भाड़ वाले रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में पटाखों और विस्फोटक सामग्री की बिक्री की सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने तीन दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 6 लाख 18 हजार रुपये की विस्फोटक सामग्री और पटाखे जब्त किए गए।
तीन दुकानों पर की गई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अपाला सिंह को पुराने शहर के बाजार में भीड़भाड़ वाले इलाके के अंदर पटाखे और विस्फोटक सामग्री बेचे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस, एसडीएम और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच और कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में तीन दुकानों से अलग-अलग मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 6,18,000 रुपये बताई गई है।
इन लोगों के खिलाफ हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान धनराज भटेजा के पास से लगभग 3 लाख 20 हजार रुपये, अल्ताफ अनवर खान के पास से करीब 10 हजार रुपये और सुनील भटेजा के पास से लगभग 3 लाख 17 हजार 57 रुपये की सामग्री जब्त की गई।
तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान के निर्देश पर की गई। अभियान में डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित के मार्गदर्शन में कोतवाली एसीपी संतोष, एसडीएम लाखन चौधरी, थाना प्रभारी अपाला सिंह और तहसीलदार भूलेन्द्र कैलासिया सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अपाला सिंह के साथ एसआई हेमंत पाटिल, एसआई दयाशंकर पांडेय, एसआई मुंशीलाल और एएसआई दुलीचंद की भी अहम भूमिका रही।

